साल 2021 में ओटीटी पर आई एक क्राइम थ्रिलर सीरीज ने अपनी रहस्यमयी कहानी और लगातार सामने आते ट्विस्ट से दर्शकों का ध्यान खींचा था। हम बात कर रहे हैं वेब सीरीज ‘कैंडी’ की। शो में मर्डर मिस्ट्री के साथ क्राइम और सस्पेंस का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो कहानी को हर मोड़ पर दिलचस्प बनाए रखता है। अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें आखिर तक रहस्य बना रहता है, तो इस वीकेंड ‘कैंडी’ को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
‘कैंडी’ का पहला सीजन 2021 में रिलीज हुआ था और अब तक इसका सिर्फ एक ही सीजन आया है। पूरी सीरीज को आठ एपिसोड में पेश किया गया है। कहानी में एक के बाद एक घटनाएं सामने आती हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता बनी रहती है। सीरीज में रोनित रॉय ने प्रमुख भूमिका निभाई है। उनके अलावा ऋचा चड्ढा और मनु ऋषि चड्ढा भी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं।
इस सीरीज से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी यह है कि रोनित रॉय से पहले उनके किरदार के लिए अनिल कपूर और अक्षय खन्ना के नाम पर भी विचार किया गया था। हालांकि, बाद में इस भूमिका के लिए रोनित रॉय को चुना गया।
‘कैंडी’ की कहानी उत्तराखंड के काल्पनिक शहर रुद्रकुंड में घटती है। यहां विधायक का बेटा वायु इलाके में अपना दबदबा कायम करने और खुद को वहां का किंग बनाने की चाह रखता है। इसी मकसद से वह स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों तक ड्रग्स पहुंचाने का काम करता है।
कहानी में असली मोड़ तब आता है, जब स्कूल के कई बच्चे एक के बाद एक रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का शिकार होने लगते हैं। इन घटनाओं के पीछे की सच्चाई छिपाने के लिए एक खौफनाक मॉन्स्टर से जुड़ी कहानी सामने लाई जाती है। इसके बाद मामले की परतें खुलने लगती हैं और सीरीज में रहस्य, अपराध और सस्पेंस लगातार गहराता जाता है। हर एपिसोड कहानी में एक नया मोड़ लेकर आता है।
‘कैंडी’ को रिलीज के बाद दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। सीरीज ने तीन अवॉर्ड अपने नाम किए हैं, जिसमें दादा साहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड भी शामिल है। IMDb पर भी इसे 8/10 की रेटिंग मिली हुई है।
अगर आप इस सीरीज को देखना चाहते हैं, तो ‘कैंडी’ को ऑनलाइन JioHotstar पर स्ट्रीम किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Panchayat 5 को लेकर बड़ा अपडेट: जानिए कब आएगा नया सीज़न, क्या होगी कहानी और स्टारकास्ट