Jio-Airtel देखते रह गए, BSNL ने रच दिया इतिहास, कर दिया 5G सर्विस का नामकरण, जल्द सस्ते में लॉन्च हो सकती है ये सेवा?
सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने आज, बुधवार को अपने आधिकारिक X अकाउंट के माध्यम से अपनी अपकमिंग 5G सर्विस के नाम की घोषणा कर दी है। बीएसएनएल ने इसे ‘BSNL Q-5G – Quantum 5G’ नाम दिया है। इससे पहले बीएसएनएल ने जनता से अपने 5G ब्रांड के लिए नाम सुझाने की अपील की थी। अब कंपनी ने उसी सुझाव के आधार पर इस नाम को चुना है। BSNL ने अपने पोस्ट में लिखा, “आपने नाम दिया, हमने इसे साकार किया! पेश है THE BSNL Q-5G – Quantum 5G. आपके समर्थन और उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद। आपके कारण अब हमारे पास एक ऐसा नाम है जो बीएसएनएल के 5जी नेटवर्क की पावर, स्पीड और भविष्य को दर्शाता है। हमने साथ मिलकर न केवल एक सेवा लॉन्च की है - बल्कि इतिहास रच दिया है।”
Quantum 5G FWA सेवा का उद्घाटन
बीएसएनएल उत्तर प्रदेश (पूर्व) सर्कल के एक और X अकाउंट पर भी एक पोस्ट में जानकारी दी गई कि कंपनी ने Quantum 5G FWA (फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस) सेवा का उद्घाटन कर दिया है। पोस्ट में यह लिखा था - “आज एक ऐतिहासिक पल है क्योंकि माननीय CMD BSNL ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और सभी CGM की उपस्थिति में रेवोल्यूशनरी बीएसएनएल क्वांटम 5G FWA (फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस) सेवा का उद्घाटन किया।”
बीएसएनएल की आधिकारिक वेबसाइट पर एक बैनर में इस सेवा को “Quantum Leap – बिना सिम के पहला 5G FWA” बताया गया है। इसके प्रमुख फ़ीचर्स में "नो वायर, फास्ट स्पीड, सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती" सेवा शामिल हैं।
70,000 BSNL 4G टॉवर्स हो चुके हैं एक्टिव
दूसरी ओर, डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकॉम (DoT) जल्द ही बीएसएनएल के 4G विस्तार के अगले चरण के लिए कैबिनेट की मंज़ूरी मांगेगा। संचार राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर ने बताया कि बीएसएनएल ने पिछले एक साल में करीब 1 लाख 4G टॉवर लगाए हैं, जिनमें से 70,000 टॉवर अभी एक्टिव हैं। कैबिनेट की मंज़ूरी के बाद कंपनी 1 लाख और टॉवर लगाने की योजना पर काम शुरू करेगी।
इस तरह BSNL अपने 4G नेटवर्क को स्थिर करने के बाद अब 5G सेवाओं की ओर तेज़ी से बढ़ रही है, जिसकी शुरुआत ‘Quantum 5G’ ब्रांड और FWA सेवा से की गई है।