WhatsApp का नया फीचर विदेश में बचाएगा रोमिंग का खर्च, ऐप से ही खरीद सकेंगे eSIM, फर्राटेदार चलेगा इंटरनेट?

विदेश यात्रा के दौरान मोबाइल इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए अब तक लोगों को इंटरनेशनल रोमिंग पैक खरीदना पड़ता है या फिर दूसरे देश पहुंचकर लोकल SIM कार्ड लेना पड़ता है। लेकिन जल्द ही WhatsApp इस परेशानी को कम कर सकता है। Meta के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने पुष्टि की है कि वह अपने ऐप में eSIM सर्विस लाने की संभावनाओं पर काम कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स विदेश यात्रा के लिए सीधे WhatsApp से ही मोबाइल डेटा प्लान खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी।

इस सुविधा के आने के बाद यात्रियों को महंगे इंटरनेशनल रोमिंग चार्ज से बचने में मदद मिल सकती है। साथ ही दूसरे देश पहुंचने के बाद लोकल SIM कार्ड खरीदने या इंटरनेट के लिए पब्लिक Wi-Fi पर निर्भर रहने की जरूरत भी कम हो सकती है। खास बात यह है कि eSIM इस्तेमाल करने के बावजूद यूजर्स अपने मौजूदा फोन नंबर से WhatsApp चलाना जारी रख सकेंगे।

WhatsApp India के हेड कुणाल शाह ने भी एक पोस्ट के जरिए इस नए फीचर के आने के संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी दुनियाभर में यात्रा करने वाले लोगों के लिए कनेक्टिविटी को आसान बनाने की दिशा में काम कर रही है।

सीधे WhatsApp से खरीद पाएंगे ट्रैवल eSIM

WhatsApp के मुताबिक, आने वाला फीचर यूजर्स को मैसेजिंग ऐप के अंदर ही डेटा eSIM खरीदने और इंस्टॉल करने की सुविधा देगा। यह पूरी प्रक्रिया कुछ आसान स्टेप्स में पूरी की जा सकेगी। यानी विदेश पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर लोकल SIM खरीदने के लिए दुकानों की तलाश करने या इंटरनेट कनेक्शन के लिए पब्लिक Wi-Fi का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।

इस नए फीचर के बारे में जानकारी देते हुए WhatsApp ने अपने ब्लॉग पोस्ट में कहा, "दुनियाभर के लोग यात्रा के दौरान WhatsApp पर भरोसा करते हैं। वे घर से निकलने से पहले अपना बोर्डिंग पास पाने, पहुंचने पर पिकअप की व्यवस्था करने और सुरक्षित पहुंचने की जानकारी अपने परिवार को देने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं।"

कंपनी ने आगे कहा, "यात्रा के दौरान कनेक्टिविटी को और आसान बनाने के लिए, आज हम अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान डेटा e-SIM खरीदने और इंस्टॉल करने का एक नया तरीका पेश करने की घोषणा कर रहे हैं। इसके लिए यूजर्स को ऐप से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी और यह काम केवल कुछ टैप में पूरा हो जाएगा।"

Jio समेत इन कंपनियों के साथ काम कर रहा WhatsApp

इस सर्विस को शुरू करने के लिए WhatsApp अलग-अलग बाजारों में कई eSIM प्रोवाइडर्स और टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझेदारी कर रहा है। कंपनी ने अपने पार्टनर्स में Jio, Smart Axiata, Smart Communications और Verizon के नाम शामिल किए हैं।

WhatsApp ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में इस पहल के साथ और भी पार्टनर्स जुड़ सकते हैं। कंपनी का लक्ष्य अलग-अलग देशों में इस सर्विस का विस्तार करना है, ताकि विदेश यात्रा करने वाले ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को ऐप के जरिए मोबाइल डेटा की सुविधा मिल सके।

हालांकि, कंपनी ने अभी इस फीचर की लॉन्च डेट और सभी बाजारों में इसकी उपलब्धता को लेकर डिटेल में जानकारी नहीं दी है।

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles