WhatsApp की बड़ी डिजिटल स्ट्राइक! हजारों अकाउंट्स पर एक्शन, जानें क्यों बंद हुए खाते, लोगों को होगा फायदा
WhatsApp ने 9,400+ स्कैम अकाउंट्स किए बैन
“डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर लोगों को बनाया जा रहा शिकार
सुप्रीम कोर्ट ने बताया गंभीर खतरा
भारत में बढ़ते “डिजिटल अरेस्ट” स्कैम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए WhatsApp ने 9,400 से ज्यादा अकाउंट्स को बैन कर दिया है. यह कार्रवाई जनवरी 2026 से शुरू हुए करीब 12 हफ्तों के अंदर की गई है. इसकी जानकारी देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में में दी गई.
Surveyयह मामला तब सामने आया जब डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों को लेकर सुनवाई चल रही थी. सरकार की तरफ से बताया गया कि यह स्कैम अब बड़े नेटवर्क में बदल चुका है, जिसमें हजारों फर्जी अकाउंट्स शामिल हैं. माना जा रहा है कि इससे डिजिटल अरेस्ट करने वाले अकाउंट्स पर कुछ हद तक नकेल कसा जा सकता है.
क्या होता है “डिजिटल अरेस्ट” स्कैम?
यह एक ऐसा फ्रॉड है जिसमें ठग खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं. पीड़ित को कॉल या वीडियो कॉल के जरिए बताया जाता है कि वह किसी बड़े अपराध जैसे ड्रग्स, मनी लॉन्ड्रिंग या अवैध पार्सल मामले में फंस गया है. इसके बाद डर का माहौल बनाया जाता है और कहा जाता है कि तुरंत कार्रवाई होगी.

कई मामलों में स्कैमर्स घंटों तक वीडियो कॉल पर व्यक्ति को रोके रखते हैं, उसे परिवार या दोस्तों से बात करने से मना करते हैं और यही “डिजिटल अरेस्ट” का नाम देते हैं. आपको बता दें कि डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई कोई कानून भारत में नहीं है. भारत में किसी को फोन या वीडियो कॉल पर गिरफ्तार नहीं किया जाता है.
कैसे फंसाते हैं स्कैमर्स?
वीडियो या फोन कॉल पर जब सामने वाला डर जाता है, तो उससे आधार, बैंक डिटेल्स या OTP जैसी जानकारी मांगी जाती है. इसके बाद पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया जाता है, यह कहकर कि “केस बंद कर देंगे” या “नाम क्लियर हो जाएगा”.रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे कई स्कैम अकाउंट्स दक्षिण-पूर्व एशिया, खासकर कंबोडिया से ऑपरेट हो रहे थे.
सरकार और एजेंसियों की भूमिका
इस मामले में WhatsApp ने भारतीय एजेंसियों जैसे इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन के साथ मिलकर काम किया. शुरुआत में करीब 3,800 अकाउंट्स की पहचान हुई थी, लेकिन बाद में WhatsApp के सिस्टम ने बड़े नेटवर्क को पकड़ते हुए हजारों और अकाउंट्स को बैन कर दिया.

WhatsApp भी कर रहा है कई बदलाव
अब प्लेटफॉर्म पर नए सेफ्टी फीचर्स लाए जा रहे हैं. अज्ञात नंबर से आने वाले मैसेज पर चेतावनी दिखाई जाएगी, अकाउंट कितने समय पुराना है यह दिखेगा और संदिग्ध चैट में प्रोफाइल फोटो की विजिबिलिटी सीमित की जाएगी. कॉलर पहचान भी बेहतर की जा रही है ताकि यूजर समझ सके कि सामने कौन है.
मामला कितना गंभीर है
सुप्रीम कोर्ट ने इस मुद्दे को गंभीर बताया है. कोर्ट ने कहा कि अब स्कैमर्स नकली कोर्ट ऑर्डर और फर्जी सिग्नेचर तक इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोगों के भरोसे के लिए बड़ा खतरा है.
ऐसे स्कैम से कैसे बचें?
- अगर कोई आपको कॉल या वीडियो पर डराने की कोशिश करे, तो तुरंत कॉल काट दें.
- किसी भी हालत में अपनी पर्सनल या बैंकिंग जानकारी शेयर न करें और पैसे ट्रांसफर करने की गलती बिल्कुल न करें.
- अगर कोई खुद को पुलिस या अधिकारी बताए, तो सीधे अपने नजदीकी थाने से संपर्क करके जांच करें.
- ऐसे मामलों की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर जरूर करें और अपने परिवार या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को तुरंत जानकारी दें.
यह भी पढ़ें: AC खरीदने का है प्लान? आ गया तगड़ा ऑफर, कौड़ियों के दाम में ले आइए घर, घर को बना देगा एकदम ठंडा
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile