Snapchat यूजर्स को झटका! इस फीचर के लिए अब देने होंगे पैसे, कंपनी ने लिया बड़ा फैसला, यूजर्स नाराज

अगर आप भी Snapchat पर अपनी पुरानी तस्वीरें और वीडियोज 'मेमोरीज' (Memories) में सेव करके रखते हैं, तो आपके लिए एक बुरी खबर है. सालों तक फ्री में अनलिमिटेड स्टोरेज देने के बाद, अब स्नैपचैट इस फीचर के लिए पैसे चार्ज करने जा रहा है. कंपनी ने ऐलान किया है कि अब सिर्फ 5GB तक का स्टोरेज ही फ्री मिलेगा, और इससे ज्यादा डेटा सेव करने के लिए आपको पैसे देने होंगे.

क्या है Snapchat का नया नियम?

Snapchat का 'मेमोरीज' फीचर, जो 2016 से फ्री था, अब एक पेड सर्विस बनने जा रहा है. नई पॉलिसी के तहत:

  • 5GB तक स्टोरेज फ्री: हर यूजर को 5GB तक का 'मेमोरीज' स्टोरेज मुफ्त में मिलता रहेगा.
  • 5GB से ज्यादा पर लगेगा चार्ज: लेकिन, अगर आपकी सेव की हुई फोटोज और वीडियोज 5GB से ज्यादा हैं, तो आपको अपना पुराना कंटेंट बनाए रखने के लिए पैसे देने होंगे.

अब आप सोच रहे होंगे कि अगर आपका स्टोरेज पहले से ही 5GB से ज्यादा है तो क्या होगा? Snap का कहना है कि ऐसे यूजर्स को 12 महीने का अस्थायी स्टोरेज दिया जाएगा, और इस दौरान उनके पास अपना सारा कंटेंट डाउनलोड करने का भी ऑप्शन होगा. यह बदलाव धीरे-धीरे दुनिया भर में रोल आउट किया जा रहा है.

कितने पैसे देने होंगे?

Snap ने अभी तक सभी देशों के लिए कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन TechCrunch को एक प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिका में शुरुआती 100GB स्टोरेज प्लान की कीमत $1.99 प्रति माह (लगभग 170 रुपये) होगी. वहीं, 250GB स्टोरेज, $3.99 वाले Snapchat+ सब्सक्रिप्शन में शामिल होगा. उम्मीद है कि भारत में भी कीमतें इसी के आसपास हो सकती हैं.

यूजर्स क्यों हैं नाराज और कंपनी का क्या है कहना?

इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है. कई लोग इसे 'लालची' और 'अनुचित' बता रहे हैं, क्योंकि उन्होंने सालों से इस फ्री स्टोरेज पर भरोसा किया था. Snap ने भी माना है कि 'फ्री सर्विस से पेड मॉडल पर जाना कभी आसान नहीं होता', लेकिन उनका कहना है कि इस बदलाव से वे 'मेमोरीज' फीचर में और भी निवेश कर पाएंगे.

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि भविष्य में सोशल मीडिया पर स्टोरेज के लिए भुगतान करना आम बात हो जाएगी. सोशल मीडिया कंसल्टेंसी बैटनहॉल के CEO ड्रू बेनवी ने BBC न्यूज को बताया, 'एक ऐसे युग में जहां हम पोस्ट कम करते हैं, लेकिन सेव ज्यादा करते हैं, यह एक स्वाभाविक विकास है.'

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

View full profile

Recommended Articles