Digit.in

सिर्फ दो दिन में उड़ गए 1.29 करोड़ रुपये.. रोमांस स्कैम में फंसाकर साइबर ठगों ने बनाया निशाना, न करें ये गलतियां

सिर्फ दो दिन में उड़ गए 1.29 करोड़ रुपये.. रोमांस स्कैम में फंसाकर साइबर ठगों ने बनाया निशाना, न करें ये गलतियां

भारत में ऑनलाइन स्कैम्स का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. अब ठगों ने लोगों की भावनाओं का फायदा उठाने का नया तरीका खोज लिया है. डिजिटल रोमांस स्कैम्स के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है. हाल ही में बेंगलुरु के 42 वर्षीय जगदीश सी नाम के व्यक्ति इस ठगी का शिकार बने और उन्होंने 1.29 करोड़ रुपये गंवा दिए. यह मामला एक डेटिंग ऐप से शुरू हुआ, जहां ठगों ने उन्हें प्यार और परोपकार की कहानी सुनाकर अपने जाल में फंसा लिया.

कैसे रचा गया जाल?

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित ने 7 नवंबर को नॉर्थ CEN (Cybercrime, Economic Offences, Narcotics) पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि एक महिला, जिसने खुद को ‘मेघना रेड्डी’ बताया, ऐप पर उनसे जुड़ी और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया.

महिला ने भावनात्मक पिच रखते हुए कहा कि वह उनके पिता के नाम पर एक ओल्ड एज होम बनाना चाहती है. यह एक ऐसा विचार जिसने जगदीश का दिल जीत लिया. कई हफ्तों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही, जिससे पीड़ित को विश्वास हो गया कि यह रिश्ता सच्चा है. इसी बीच महिला ने उन्हें एक विदेशी निवेश वेबसाइट पर इन्वेस्टमेंट करने की सलाह दी, जहां अंतरराष्ट्रीय स्टॉक मार्केट में पैसे लगाने का दावा किया गया था.

वेबसाइट पूरी तरह असली लगती थी. उसमें फेक प्रॉफिट स्क्रीनशॉट्स और नकली रिपोर्ट्स भी थीं, जिससे सबकुछ वैध प्रतीत होता था.

1.29 करोड़ उड़ गए सिर्फ दो दिनों में

5 और 6 नवंबर के बीच, जगदीश ने RTGS और NEFT के जरिए कुल 1,29,33,253 रुपये ट्रांसफर किए. लेकिन पैसा भेजने के बाद जैसे ही उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, ठगों ने सारी बातचीत बंद कर दी. ना कोई कॉल उठा, ना कोई मैसेज का जवाब मिला और तब उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी के शिकार हो चुके हैं. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है, जबकि ठगों के IP और ट्रांजैक्शन ट्रेल्स को ट्रैक किया जा रहा है.

भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं ‘रोमांस स्कैम्स’

यह कोई पहला मामला नहीं है. हाल के महीनों में ऐसे दर्जनों केस सामने आए हैं, जहां डेटिंग ऐप्स या सोशल प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. इन स्कैम्स को साइबर एक्सपर्ट्स ‘Pig-Butchering Scams’ भी कहते हैं यानी ठग पहले भावनात्मक रिश्ता बनाते हैं, धीरे-धीरे भरोसा बढ़ाते हैं और फिर पैसे लेकर फरार हो जाते हैं.

ठग आजकल सिर्फ फर्जी वेबसाइट ही नहीं, बल्कि AI-जनरेटेड प्रोफाइल फोटो, फेक इंस्टाग्राम अकाउंट्स और नकली फाइनेंशियल रिपोर्ट्स का भी इस्तेमाल कर रहे हैं.

कैसे बचें ऐसे डिजिटल रोमांस स्कैम्स से?

  • अनजान लोगों से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन या निवेश की बात पर भरोसा न करें.
  • किसी भी इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म या ऐप को इस्तेमाल करने से पहले SEBI या RBI वेबसाइट पर उसकी वैधता जांचें.
  • पर्सनल जानकारी या बैंक डिटेल्स किसी भी सोशल चैट पर साझा न करें.
  • ऐसे प्रोफाइल्स को रिपोर्ट करें जो जल्दबाजी में पैसे या निवेश की बात करें.
  • अगर ठगी हो चुकी है, तो तुरंत cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.
Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

View full profile

Recommended Articles