ऑनलाइन टास्क स्कैम; जल्दी कमाई के चक्कर में लगी 11 लाख से ऊपर की चपत, ऐसे फंसाया झांसे में
इंटरनेट पर तेजी से फैलते ऑनलाइन टास्क स्कैम्स ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। जल्दी और आसान कमाई का झांसा देकर ठग लोग मासूम लोगों से बड़ी रकम ठग लेते हैं। ऐसा ही एक नया मामला पुणे से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने छोटे-छोटे टास्क करके पहले तो कुछ पैसे कमाए, लेकिन बाद में लालच में आकर उसने 11.5 लाख रुपये गंवा दिए। यह घटना बताती है कि किस तरह ये स्कैमर्स पहले भरोसा जीतते हैं और फिर धीरे-धीरे शिकार को फंसा लेते हैं।
क्या है मामला?
पुणे के शुक्रवार पेठ इलाके में सेकंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति को ऑनलाइन टास्क के जरिए जल्दी पैसे कमाने का लालच दिया गया। उसे एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे करके वह ₹150 कमा सकता है। व्यक्ति ने जब टास्क पूरा किया तो उसे तुरंत पैसे मिल भी गए। इससे उसका भरोसा बढ़ गया और वह लगातार टास्क करता रहा। उसे एक मैसेजिंग ऐप के ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उसे और भी टास्क मिलने लगे और हर बार समय पर पैसे आते रहे।
कैसे हुआ धोखा?
कुछ समय बाद उसे बताया गया कि अब वह "मर्चेंट टास्क" करके और ज्यादा कमा सकता है। लेकिन इस बार उसे पहले पैसे जमा करने थे, फिर कमाई मिलने वाली थी। लालच में आकर व्यक्ति ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे भेजना शुरू कर दिया। जब उसने अपनी कमाई निकालनी चाही, तो स्कैमर्स ने नए-नए बहानों से और पैसे मांगे। केवल दो दिनों में वह ₹11.5 लाख रुपये गंवा बैठा।
इस तरह के ऑनलाइन स्कैम से ऐसे बचें
- जो ऑफर बहुत अच्छा लगे, वह अक्सर झूठा होता है।
- अनजान लोगों के साथ बैंक या निजी जानकारी शेयर न करें।
- WhatsApp या Telegram जैसे ऐप्स पर किसी अनजान ग्रुप में न जुड़ें।
- पैसे भेजने से पहले सोचें, सिर्फ ज्यादा कमाई के चक्कर में ट्रांसफर न करें।
- कोई संदेह हो तो साइबर पुलिस से संपर्क करें या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।
ध्यान दें - सतर्क रहें और किसी भी लालच में आकर जल्दी पैसे कमाने की गलती न करें।