'एक वीडियो कॉल..और निकाल दिए कर्मचारी'.. WhatsApp-Instagram से गईं कई नौकरियां, मेटा में छंटनी ही छंटनी!
Meta ने भी अब छंटनी शुरू कर दी है. ये छंटनी कई टीमों से की गई. इसमें कई टीमें शामिल हैं. कंपनी ने इस बात की पुष्टि की है. कंपनी की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि ये छंटनी लंबे समय की रणनीतिक प्लान के तहत की जा रही है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट के अनुसार, इस छंटनी का प्रभाव थ्रेड्स, लीगल, हायरिंग और डिजाइन टीम में काम कर रहे लोगों पर पड़ा है. इस छंटनी का प्रभाव कंपनी के इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp और रील शेयरिंग ऐप Instagram पर भी पड़ा है.
मेटा के प्रवक्ता ने टेकक्रंच को दिए ईमेल के जरिए भेजे गए बयान में बताया है कि इससे कुछ टीमों को अलग-अलग जगहों पर ले जाना शामिल है. इसके अलावा कुछ कर्मचारियों को दूसरी टीम और दूसरे रोल में शिफ्ट किया जा रहा है. ऐसे में जब कोई रोल खत्म हो जाता है तो इससे प्रभावित कर्मचारियों के लिए दूसरे अवसर को खोजने का प्रयास कंपनी करती है.
अभी कितने कर्मचारियों को हटाया गया, इस पर कोई सटीक जानकारी नहीं है. मेटा ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है. हालांकि, एक पूर्व कर्मचारी ने शेयर किया है कि उनकी टीम के एक दर्जन से ज्यादा लोगों को वीडियो कॉल के जरिए छँटनी कर दी गई.
Instagram और WhatsApp के कर्मचारी भी प्रभावित
हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रभावित कर्मचारियों को छह हफ्ते का सेवेरेंस पे मिला है. द वर्ज की एक रिपोर्ट के अनुसार, Meta के Reality Labs, Instagram और WhatsApp डिवीजन के कर्मचारियों को भी छँटनी का सामना करना पड़ा.
पिछले साल भी गई थी 10 हजार लोगों की नौकरी
ये छंटनी का प्रोसेस हाल के सालों से मेटा करते आया है. साल 2022 में भी कंपनी ने अपने वर्कफोर्स को लगभग 13 परसेंट कम किया था. यानी लगभग 11 हजार कर्मचारियों की नौकरी चली गई थी. इसकी जिम्मेदारी मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने खुद के ऊपर ली थी.
इसके बाद साल 2023 में भी मेटा मे छंटनी की. पिछले साल कंपनी ने लगभग 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी कर दी. इसके अलावा 5 हजार ओपन रोल को वापस ले लिया था. जिसे अभी तक नहीं भरा गया है. अब इस साल भी कंपनी ने छंटनी की है. मेटा की ये हालिया छंटनी यह दिखाती है कि कंपनी लंबे समय के प्लान पर काम कर रही है. इससे वह कम वर्क फोर्स के साथ भी गोल पर फोकस रखते हुए काम कर सकते हैं.