Indian Railways New Rule: IRCTC से टिकट बुक करने का बदल रहा नियम, अब 1 अक्टूबर से करना होगा ये काम, अभी समझ लें रूल
अगर आप भी IRCTC पर तत्काल या एडवांस टिकट बुक करते समय 'साइट हैंग' होने या 'सीटें भर जाने' की समस्या से परेशान हैं तो इंडियन रेलवे एक बड़ा नया नियम लेकर आया है. टिकटों की दलाली और सिस्टम के दुरुपयोग को रोकने के लिए रेलवे ने 1 अक्टूबर, 2025 से एक नया नियम लागू करने का फैसला किया है.
इसके तहत, अब ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के पहले 15 मिनट में टिकट बुक करने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा. इस कदम का उद्देश्य आरक्षण सिस्टम के दुरुपयोग को रोकना और वास्तविक यात्रियों के लिए उचित पहुंच सुनिश्चित करना है.
क्या है ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नया नियम?
1 अक्टूबर से IRCTC वेबसाइट या मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करने वाले यात्रियों को आधार ऑथेंटिकेशन के साथ लॉग इन करना होगा, यदि वे बुकिंग विंडो खुलते ही सामान्य आरक्षित टिकट बुक करना चाहते हैं. बिना आधार वेरिफिकेशन के, इस 15 मिनट के स्लॉट में बुकिंग नहीं की जा सकती है.
यह नया ऑनलाइन बुकिंग नियम टिकट आरक्षण सिस्टम के दुरुपयोग को रोकने के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे अक्सर अनुचित तरीके होते हैं. पहले 15 मिनट के दौरान आधार ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य बनाकर, इंडियन रेलवे को यात्रियों के लिए पारदर्शिता और वास्तविक पहुंच सुनिश्चित करने की उम्मीद है.
किन पर लागू नहीं होगा यह नियम?
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेलवे काउंटरों पर बुकिंग का समय वही रहेगा, उस पर यह नियम लागू नहीं होगा. जो यात्री कम्प्यूटरीकृत PRS काउंटरों पर अपने टिकट बुक करना पसंद करते हैं उनके लिए प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं हुई है.
इसके अलावा, अधिकृत एजेंटों को शुरुआती दिन के आरक्षित टिकट बुक करने से रोकने वाला मौजूदा 10 मिनट का प्रतिबंध भी जारी रहेगा. यह सुनिश्चित करता है कि एजेंटों से पहले व्यक्तिगत यात्रियों को प्राथमिकता मिले.
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) और IRCTC को अक्टूबर की डेडलाइन से पहले सिस्टम को तदनुसार अपडेट करने के लिए कहा गया है, जबकि जोनल रेलवे को सुचारू कार्यान्वयन के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी करने और यात्रियों के बीच जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया है.