दिल्ली के ऐप डेवलपर ने खरीदा JioHotstar डोमेन, मुकेश अंबानी से कर दी ये डिमांड, क्या पूरा होगा सपना?
JioHotstar कंपनी का नया OTT प्लेटफॉर्म हो सकता
मीडिया में रिपोर्ट आने के बाद खरीद लिया डोमेन
वेबसाइट पर डाला हुआ है डिमांड वाला लेटर
Reliance Viacom18 और Star India Disney के बीच मर्जर फाइनल स्टेज में पहुंच चुका है. अब कंपनी इस मर्जर के बाद JioCinema और Disney+ Hotstar को एक कर सकती है. नए OTT प्लेटफॉर्म का नाम JioHotstar हो सकता है. लेकिन, JioHotstar के डोमेन JioHotstar.com को दिल्ली के एक ऐप डेवलपर ने पहले ही खरीद लिया है. इतना ही नहीं इस डोमेन को रिलायंस को देने के लिए उसने एक शर्त भी रख दी है.
रिपोर्ट के अनुसार, JioHotstar.com डोमेन खरीदने के बाद दिल्ली के ऐप डेवलपर ने रिलायंस इंडस्ट्रीज से संपर्क किया है. डेवलपर ने वेबसाइट पर पब्लिश एक लेटर में बताया है कि इस डोमेन को रिलायंस को देने के एवज में उसने कंपनी से एक डिमांड की है.
डोमेन देने के बदले रखी है ये डिमांड
इस डिमांड में उसने अपनी उच्च शिक्षा को फंड करने का प्रस्ताव दिया है. नाम ना उजागर कर ऐप डेवलपर ने लेटर के आखिरी में अपने आपको सपने देखने वाला या (a dreamer) बताया है. उसने लेटर के जरिए डोमेन खरीदने का कारण साफ शब्दों में बता दिया है. उसने बताया है कि Disney+ Hotstar के IPL स्ट्रीमिंग राइट्स खोने और किसी भारतीय कंपीटीटर के साथ मर्ज होने वाली मीडिया रिपोर्ट को देखते हुए इस योजना का अनुमान लगाया था.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अधिकारियों को संबोधित करते हुए उसने लेटर में लिखा है कि इस डोमेन खरीदने का इरादा काफी सिंपल था. अगर यह मर्जर होता तो वह कैंब्रिज में पढ़ाई करने के अपने सपने को पूरा कर सकता है.
क्या लिखा है लेटर में
लेटर में उसने इस बात पर जोर दिया कि नए मर्ज प्लेटफॉर्म का नाम JioHotstar काफी अच्छा है. उसने यह भी बताया कि रिलायंस ने जब पहले म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Saavn का अधिग्रहण किया था तो उसको JioSaavn में रिब्रांड किया गया है. उसने सजेस्ट किया कि यह ब्रांडिंग JioCinema और Hotstar दोनों की ब्रांड इक्विटी को बनाए रख सकता है. इससे दोनों प्लेटफॉर्म के यूजर्स भी आसानी से एक-दूसरे प्लेटफॉर्म ट्रांजिस्ट हो सकते हैं.
लेटर में उसने आगे बताया कि रिलायंस जैसी अरबों डॉलर की कंपनी के लिए यह एक मामूली खर्च है लेकिन उसके लिए इस डोमेन की बिक्री वाकई जीवन बदलने वाली होगी.
आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के Viacom18 और Disney के Star India के बीच मर्जर की बात काफी समय से चल रही थी. अब सारी जरूरी अप्रूवल कंपनी को मिल चुकी है. यह मर्जर लगभग 70 हजार करोड़ का सौदा है. इस मर्जर के बाद यह भारत की सबसे बड़ी मीडिया और मनोरंजन कंपनियों में से एक बन जाएगा.