चोरी के बाद चोर ने मालिक को ही किया WhatsApp मैसेज! iPhone का पासवर्ड मांगने से मचा हड़कंप

By

उत्तराखंड के देहरादून के क्लेमेंट टाउन से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्लेमेंट टाउन में रहने वाली कौशिकी ध्यानी ने अपने Instagram अकाउंट Kaushiki_28 पर एक Reel शेयर कर आरोप लगाया कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कथित चोर ने चोरी किए गए मोबाइल के मालिक से ही संपर्क कर उसका पासवर्ड मांगना शुरू कर दिया।

चोरी के बाद पीड़िता को आने लगे मैसेज

कौशिकी ध्यानी के मुताबिक, 12 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। उनके अलावा उनकी दोस्त के भाई सक्षम नेगी और कुछ अन्य लोगों के फोन भी उसी दौरान चोरी हुए। उनका दावा है कि चोर मैकबुक, मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान भी अपने साथ ले गए।

कौशिकी का आरोप है कि इन घटनाओं को लेकर पुलिस की तरफ से उम्मीद के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि शिकायत करने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई और कई लोगों की एप्लीकेशन तक स्वीकार नहीं की गई। इसके बाद 16 सितंबर को उसी इलाके में चोरी की एक और घटना सामने आई।

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब कथित चोर ने चोरी किए गए मोबाइल के नंबर पर SMS और WhatsApp के जरिए संपर्क किया। कौशिकी का कहना है कि उससे फोन का पासवर्ड मांगा गया। उनके मुताबिक, इससे ऐसा लगता है कि कथित चोरों को पुलिस का डर नहीं है और वे बेखौफ होकर पीड़ितों से संपर्क कर रहे हैं।

पुलिस स्टेशन पहुंचने पर क्या हुआ?

कौशिकी ने पुलिस के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि जब वह चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचीं तो उन्हें कथित तौर पर कहा गया कि अभी कोई मौजूद नहीं है और बाद में आने के लिए कहा गया। उनका कहना है कि कई लोगों ने चोरी की शिकायत की थी, लेकिन उनकी शिकायतें तक नहीं ली गईं।

‘आजतक’ से फोन पर बातचीत में कौशिकी ने बताया कि जिस बिल्डिंग में वह रहती हैं, वहां से करीब 5-6 मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। इसके अलावा लैपटॉप भी गायब हुए हैं। उनके अनुसार, इसी गिरोह ने उसी दिन आसपास के अन्य PG और हॉस्टल में भी चोरी की। कथित तौर पर ये घटनाएं सुबह करीब 4 बजे से 8 बजे के बीच हुईं और उनका फ्लैट आखिरी निशाना था।

कौशिकी ने बताया कि चोरी हुआ iPhone उनके नंबर से जुड़ा था और फोन पर कॉन्टैक्ट नंबर दिखाई दे रहा था। उनका दावा है कि इसी जानकारी के जरिए कथित चोर ने उनसे संपर्क किया और फिर फोन का पासवर्ड मांगा।

कौशिकी ध्यानी का आरोप है कि क्लेमेंट टाउन में लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनके मुताबिक, पहले चोर घरों और कमरों से मोबाइल, लैपटॉप और दूसरी कीमती चीजें ले जा रहे थे, लेकिन अब कथित तौर पर चोरी किए गए फोन के मालिक से ही पासवर्ड मांगने की घटना सामने आई है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

यह भी पढ़ें: Vivo S2 FE vs Vivo S2 vs Vivo T5: डिज़ाइन, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By