कार सर्विसिंग करवाने पहुंचा युवक, खर्च सुन उड़े होश.. ChatGPT ने बताई ट्रिक और कम हो गए 14 हजार
AI का इस्तेमाल धीरे-धीरे बढ़ रहा है. एक तरफ जहां AI के इस्तेमाल से नौकरी जाने की चर्चा हो रही है वहीं दूसरी ओर इसके सही इस्तेमाल से काफी फायदा भी हो रहा है. अभी हाल ही में एक यूजर ने इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है. ChatGPT के इस्तेमाल से उसने कार सर्विसिंग पर 14 हजार रुपये बचा लिए.
इसको लेकर X पर Devaiah Bopanna ने कुछ स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए हैं. उन्होंने लिखा है ChatGPT को वह काफी पसंद कर रहे हैं. इससे कार सर्विस के समय उनके हजारों रुपये बच गए. सर्विस सेंटर पर एस्टिमेट खर्च 40 हजार रुपये बताया गया था.
उनको कार, पार्ट्स और इंजन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. इस वजह से पहले वह सर्विस सेंटर पर बातचीत करके कीमत को 5-10 परसेंट तक कम करवा पाते थे. लेकिन, इस बार उन्होंने ChatGPT की मदद लेने की सोची. फिर क्या था पॉपुलर AI टूल ChatGPT ने अपना काम कर दिया.
14 हजार हो गए कम
ChatGPT पर उन्होंने एस्टिमेट खर्च को अपलोड कर दिया. ChatGPT ने फिर जो बताया उसको उन्होंने सर्विस सेंटर वाले के सामने रखा. सर्विस सेंटर वाला भी उनकी नॉलेज से काफी प्रभावित हुआ. इसके बाद जो उन्हें नया एस्टिमेट खर्च बताया गया वह 40 हजार की जगह केवल 26 हजार था. यानी 14 हजार कम.
आपको बता दें कि फाइल अपलोड करने के बाद यूजर ने कमांड किया वह गैर-जरूरी खर्च को कहां कम कर सकता है. इसके बाद ChatGPT ने कई ऐसे खर्चें कम करने के लिए कहा जो जरूरी नहीं थे. एआई ने ब्रेक क्लीनर और इंजन कोटिंग जैसे खर्च को कम करने की सलाह दी.
मान ली ChatGPT की सलाह
इन सलाह को मानने के बाद यूजर ने सर्विस सेंटर वाले को इन सर्विसेज को नहीं देने के लिए कहा. जिससे उनका एस्टिमेट खर्च बहुत ज्यादा कम हो गया. उनके इस ट्वीट पर तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा अब AI का सही इस्तेमाल हो रहा है. एक यूजर ने लिखा एक सर्विस कॉस्ट बचाकर ChatGPT का सालभर का सब्सक्रिप्शन का जुगाड़ हो गया.