पंचायत की टक्कर की है 53 मिनट की ये कॉमेडी ड्रामा फिल्म, पूरा परिवार मिलकर लगाएगा ठहाके, IMDb रेटिंग 8.8
शॉर्ट फिल्मों की दुनिया में एक ऐसी फिल्म चर्चा में है, जिसके दूसरे भाग की मांग सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती जा रही है। इस हिंदी फिल्म ने यूट्यूब पर 22 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल किए हैं और IMDb पर इसे 8.8 की शानदार रेटिंग मिली है, जहां करीब 10 हजार दर्शकों ने इसे वोट किया है। कई दर्शकों ने कमेंट्स में लिखा है कि यह फिल्म कंटेंट और प्रस्तुति के मामले में कई बॉलीवुड फिल्मों से बेहतर महसूस होती है। दिलचस्प बात यह भी है कि लोग इसकी तुलना लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज पंचायत से कर रहे हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे देखने के लिए किसी ओटीटी सब्सक्रिप्शन की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह फिल्म यूट्यूब पर मुफ्त उपलब्ध है।
Survey53 मिनट की है फिल्म
फिल्म का नाम “मिशन मुंह दिखाई” है, जो अगस्त 2025 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन और लेखन सूर्यांश ठाकुर ने किया है। फिल्म में कुशल दुबे, मुग्धा अग्रवाल और धनंजय शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। लगभग 53 मिनट लंबी यह फिल्म कम समय में पूरी कहानी प्रभावी तरीके से पेश करती है।
क्या है कहानी
कहानी अंजना नाम की एक आधुनिक सोच वाली लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी देवेश से होती है। देवेश दिल्ली में काम करने वाला इंजीनियर है। शादी के बाद घर में नई बहू के स्वागत के साथ ‘मुंह दिखाई’ की रस्म की तैयारियां शुरू होती हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह पारंपरिक रस्म एक खास मिशन का रूप ले लेती है।
फिल्म का असली मोड़ तब आता है जब नई पीढ़ी की सोच और पुरानी सामाजिक मान्यताओं के बीच टकराव सामने आता है। कहानी यह दिखाती है कि किस तरह कुछ परंपराएं आज भी महिलाओं को परखने या आंकने का माध्यम बन जाती हैं।
फिल्म की खासियत
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का-फुल्का हास्य है। गंभीर सामाजिक विषय को बिना भारी डायलॉग्स या उपदेशों के, मजेदार अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इसकी फिल्मिंग बेहद वास्तविक लगती है और माहौल ऐसा बनाती है जैसे उत्तर भारत के किसी पारंपरिक घर की झलक देख रहे हों।
फैमिली वॉच है फिल्म
परिवार के साथ देखने के लिए यह एक अच्छी एंटरटेनिंग फिल्म मानी जा रही है। अगर आपको पंचायत जैसी सादगी भरी और जमीन से जुड़ी कहानियां पसंद हैं, तो यह फिल्म भी आपको जरूर पसंद आ सकती है।
पंचायत को देती है टक्कर
यूट्यूब पर दर्शकों के रिएक्शन काफी पॉजिटिव हैं। कई लोगों ने कमेंट्स में इसकी टीम की तारीफ करते हुए लिखा है कि फिल्म ने पंचायत जैसा स्तर छू लिया है। कुछ दर्शकों का मानना है कि यह कई बॉलीवुड फिल्मों से ज्यादा बेहतर अनुभव देती है, जबकि कई लोग इसके दूसरे भाग की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने तो इसे पूरी तरह ‘यूपी वेडिंग वाइब’ वाली फिल्म बताया है।
यह भी पढ़ें: Tu Yaa Main OTT Release: कब और कहां देख पाएंगे रूह कंपा देने वाली ये सर्वाइवल ड्रामा फिल्म ऑनलाइन? जानें
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile