कॉमेडी का खजाना है 8 एपिसोड वाली ये वेब सीरीज, हंस-हंस कर दुख जाएगा मुंह, 8 है IMDb रेटिंग
Best Comedy Series: अक्सर लोग कोर्टरूम ड्रामा से दूरी बना लेते हैं, क्योंकि उन्हें यह विषय गंभीर और उबाऊ लगता है। लेकिन आज हम आपको नेटफ्लिक्स पर 2024 में आई एक ऐसी वेब सीरीज के बारे में बताने जा रहे हैं जो इस धारणा को पूरी तरह बदलने का दम रखती है। यह सीरीज कोर्टरूम के अंदर होने वाले ड्रामे को बेहद हल्के-फुल्के और हास्यपूर्ण अंदाज़ में पेश करती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें रवि किशन जैसे पॉपुलर एक्टर नजर आते हैं।
मजेदार केस और अनोखी कहानियां
‘मामला लीगल है’ की कहानी पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के बेकार पड़े वकीलों और उनके अजीबोगरीब केसों के इर्द-गिर्द घूमती है। यहां कभी एक तोता गाली देने के आरोप में कटघरे में आ जाता है, तो कभी एक पति अपनी पत्नी के खाना न बनाने पर केस कर देता है। इन हास्य से भरे मुकदमों को वकीलों द्वारा जिस मजाकिया अंदाज़ में लड़ा जाता है, वह दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देता है।
स्टारकास्ट और निर्देशन
इस वेब सीरीज में रवि किशन के साथ-साथ नैला ग्रेवाल, निधि बिष्ट और अनंत जोशी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार भी मौजूद हैं। इन सभी ने अपने किरदारों को इतनी सहजता से निभाया है कि वो स्क्रीन पर बिल्कुल असली लगते हैं। इसका निर्देशन राहुल पांडे ने किया है, जिन्होंने इसे बेहद आकर्षक और मनोरंजक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
हर एपिसोड में ट्विस्ट और सस्पेंस
भले ही यह सीरीज एक कॉमेडी कोर्टरूम ड्रामा हो, लेकिन इसके हर एपिसोड में एक दिलचस्प सस्पेंस भी छिपा होता है। एपिसोड की शुरुआत में जो केस नॉर्मल लगता है, अंत तक आते-आते उसमें ऐसा ट्विस्ट आता है कि आप सोच में पड़ जाते हैं। यही खासियत इसे दूसरी सीरीज से अलग बनाती है।
IMDb रेटिंग और अगला सीजन
‘मामला लीगल है’ को दर्शकों ने इतना पसंद किया है कि इसे IMDb पर 10 में से 8 की शानदार रेटिंग मिली है। यही नहीं, दर्शकों के जबरदस्त रिएक्शन के चलते इसके सीज़न 2 की भी घोषणा हो चुकी है।
अगर आपको हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ-साथ कोर्टरूम सेटिंग में मजेदार कहानियां देखना पसंद है, तो यह वेब सीरीज आपके लिए एकदम परफेक्ट है। ‘मामला लीगल है’ हंसी और एंटरटेनमेंट की गारंटी देती है। इसे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है। इसे आप अपने वीकेंड वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें।