Maharaja 2 हुई कन्फर्म! विजय सेतुपति ने दिया बड़ा अपडेट, बताया कैसी है सीक्वल की कहानी

By

विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप स्टारर फिल्म ‘Maharaja’ ने 2024 में रिलीज के बाद खूब सुर्खियां बटोरी थीं। निथिलन सामिनाथन के निर्देशन में बनी इस सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर को अब हॉलीवुड में भी बनाया जा रहा है। हाल ही में फिल्म के हॉलीवुड रीमेक राइट्स बिकने की जानकारी सामने आई थी और Matthew McConaughey के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की खबरें भी चल रही हैं। अब विजय सेतुपति ने खुद हॉलीवुड रीमेक को लेकर अपनी दिलचस्पी जाहिर की है। उन्होंने यहां तक कहा कि वह फिल्म में भूमिका मिलने पर बिना फीस के भी काम करने के लिए तैयार हैं। साथ ही एक्टर ने ‘महाराजा 2’ को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है।

Maharaja 2 हुई कन्फर्म

अपनी अपकमिंग फिल्म ‘Baththa’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट में विजय सेतुपति से ‘महाराजा’ के हॉलीवुड रीमेक को लेकर सवाल किया गया। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या Matthew McConaughey इस अमेरिकी वर्जन में नजर आ सकते हैं। एक्टर ने इस कास्टिंग से जुड़ी खबर को खारिज नहीं किया।

इसी बातचीत के दौरान विजय सेतुपति ने ‘महाराजा 2’ के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर निथिलन सामिनाथन ने उन्हें सीक्वल की कहानी सुनाई है। विजय ने कहा, “निथिलन एक शानदार निर्देशक हैं और उनकी लिखने की समझ बहुत अच्छी है। उन्होंने हाल ही में मुझे महाराजा 2 की कहानी सुनाई, जो बहुत खूबसूरत थी। शुरुआत में कुछ लोगों को महाराजा पर भरोसा नहीं था, लेकिन मुझे हमेशा इस पर विश्वास था। हालांकि, मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी।”

हॉलीवुड रीमेक में काम करना चाहते हैं विजय सेतुपति

इसके बाद एक्टर ने हॉलीवुड रीमेक को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मैंने हाल ही में प्रोड्यूसर को फोन किया और पूछा, सर, मैंने सुना है कि इसे हॉलीवुड में रीमेक किया जा रहा है। क्या ये खबरें सच हैं? मैंने उनसे कहा कि मैं इसमें मुफ्त में काम करूंगा। बस मुझे फिल्म में एक रोल दे दीजिए और मैं वहां चला जाऊंगा। इससे मुझे बहुत खुशी और एक बड़ा सरप्राइज मिला है। मैं हमेशा से वहां एक्टिंग करना चाहता था, इसलिए मुझे खुशी है कि मेरी फिल्म वहां जा रही है। इसका पूरा श्रेय निथिलन को जाता है। आई लव यू डा।”

‘Maharaja’ की कहानी क्या है?

‘महाराजा’ का निर्देशन निथिलन सामिनाथन ने किया है। फिल्म को The Route, Think Studios और Passion Studios ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसमें विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप के अलावा Sachana Namidass, Natty Subramaniam, Mamta Mohandas समेत कई कलाकार नजर आए हैं।

फिल्म की कहानी एक पिता की है, जो पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी चोरी हुई डस्टबिन के बारे में शिकायत दर्ज कराता है। उस डस्टबिन का नाम लक्ष्मी है। शुरुआत में पुलिस को लगता है कि मामला सिर्फ चोरी हुए सामान का है, लेकिन बाद में उन्हें समझ आता है कि विजय सेतुपति का किरदार जिस वजह से थाने पहुंचा है, वह कहीं ज्यादा गंभीर है।

यह भी पढ़ें: Poco X8 vs Realme 16T vs Vivo Y31t: डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी और कीमत की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By