‘Dhurandhar 2’ ने रचा इतिहास, रिलीज़ से पहले ही कमा डाले 150 करोड़, Netflix नहीं इस OTT पर होगी स्ट्रीम
रणवीर सिंह की बेहद चर्चित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पहले इसके टीज़र और कहानी को लेकर चर्चा तेज़ हुई और अब इसकी ओटीटी डील ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के डिजिटल राइट्स लगभग 150 करोड़ रुपये में बिके हैं, जिससे यह भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी ओटीटी डील्स में शामिल हो गई है।
SurveyNetflix पर नहीं आएगी Dhurandhar 2?
30 जनवरी 2026 को ‘धुरंधर’ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक दी और उसी दिन इसके सीक्वल का टीज़र भी ऑनलाइन रिलीज़ हुआ। इसके तुरंत बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि ‘धुरंधर 2’ का स्ट्रीमिंग पार्टनर बदल गया है। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन अफवाहों पर अब मुहर लग चुकी है और इसके पीछे की वजह भी सामने आ गई है।
दोगुने दाम में बिकी ‘धुरंधर 2’
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि फिल्म के पहले पार्ट के थिएटर में रिलीज़ से पहले ही नेटफ्लिक्स ने दोनों फिल्मों के डिजिटल राइट्स एक साथ खरीदने के लिए करीब 175 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था। हालांकि, उस वक्त जियो स्टूडियोज़ ने इस डील को फाइनल नहीं किया। यह फैसला बाद में फायदे का सौदा साबित हुआ। जहां ‘धुरंधर’ के डिजिटल राइट्स लगभग 85 करोड़ रुपये में बिके, वहीं सिर्फ ‘धुरंधर 2’ ने लगभग दोगुनी कीमत हासिल कर ली।
सूत्र के अनुसार, हाल के महीनों में कई ओटीटी प्लेटफॉर्म बड़े बजट की फिल्मों को लेकर सतर्क रुख अपना रहे थे और लागत और दर्शकों की पसंद का दोबारा आकलन कर रहे थे। लेकिन ‘धुरंधर’ की जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता और थिएटर के बाद भी बनी मजबूत चर्चा ने हालात बदल दिए। दर्शकों की लगातार मांग और फ्रेंचाइज़ी की संभावनाओं ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को सीक्वल के लिए बड़ा दांव खेलने पर मजबूर कर दिया।
‘धुरंधर 2’ की स्टार कास्ट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था। फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर हम्ज़ा अली मज़ारी के किरदार में नजर आएंगे, जो पहले पार्ट में अक्षय खन्ना द्वारा निभाए गए किरदार रहमान डकैत की मौत के बाद सत्ता की सीढ़ियां चढ़ता है। सीक्वल में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
थिएटर और ओटीटी रिलीज़ डेट
फिल्म की थिएटर रिलीज़ की तारीख 19 मार्च 2026 तय की गई है। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार इसका ओटीटी प्रीमियर मई 2026 के दूसरे हफ्ते में JioHotstar पर होने की उम्मीद है। इससे पहले फिल्म के फर्स्ट-लुक पोस्टर के साथ ही यह साफ हो गया था कि ‘धुरंधर 2’ अब नेटफ्लिक्स से हटकर जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
यह भी पढ़ें: Oppo K14 Turbo और K14 Turbo Pro की लॉन्च टाइमलाइन और संभावित स्पेसिफिकेशन्स लीक, देखें पूरी डिटेल्स
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile