WhatsApp में जल्द आएगा ये काम का फीचर, बिना नंबर शेयर किये होंगी बातें, सुरक्षा में भी कई गुना इजाफा
WhatsApp दुनिया भर में अरबों यूज़र्स द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफ़ॉर्म है, अब अपने यूज़र्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपग्रेड लाने की तैयारी में है। प्लेटफ़ॉर्म अब एक नए यूज़रनेम फीचर पर काम कर रहा है, जिससे यूज़र्स बिना मोबाइल नंबर शेयर किए भी आपस में कनेक्ट हो सकेंगे। यह नया अपडेट खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो अपनी प्राइवेसी बनाए रखते हुए दूसरों से चैट या वीडियो कॉल करना चाहते हैं।
अब लॉग इन के लिए मोबाइल नंबर की जरूरत नहीं
अभी तक WhatsApp पर अकाउंट बनाने और लॉगिन करने के लिए मोबाइल नंबर जरूरी होता था। लेकिन आने वाले समय में यह नियम बदल सकता है। WABetaInfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp जल्द ही एक ऐसा फीचर लॉन्च करने जा रहा है जिसमें यूज़र्स बिना मोबाइल नंबर डाले सिर्फ यूज़रनेम से अकाउंट बना सकेंगे और उसी से लॉगिन कर पाएंगे।
यह फीचर Android बीटा वर्ज़न 2.25.28.12 में देखा गया है, जिसमें यूज़र्स के लिए एक नया ऑप्शन जोड़ा गया है, इसे अकाउंट के लिए एक यूनिक यूज़रनेम के तौर पर देखा जा सकता है, इसका मतलब है कि आपको यह क्षमता मिलने वाली है कि आप अपने लिए एक नया यूजरनेम बना सकते हैं। इसका मतलब यह है कि अब आप किसी से चैट या कॉल कर सकेंगे, वो भी बिना अपना नंबर बताए। यह कुछ हद तक Instagram जैसे प्लेटफ़ॉर्म की तरह काम करेगा, जहां लोग एक कस्टम आईडी के ज़रिए कनेक्ट होते हैं।
खुद का यूज़रनेम बनाएं और इस्तेमाल करें
नए अपडेट में यूज़र्स WhatsApp की सेटिंग्स में जाकर अपना मनचाहा कस्टम यूज़रनेम रिज़र्व कर सकेंगे। जैसे सोशल मीडिया हैंडल्स होते हैं, वैसे ही इसमें भी यूज़रनेम में कम से कम एक इंग्लिश लेटर होना जरूरी होगा, साथ ही इसमें नंबर और स्पेशल कैरेक्टर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
हालांकि WhatsApp ने इसके लिए एक छोटा सा नियम भी रखा है, कोई भी यूज़रनेम “www” से शुरू नहीं हो सकता। जब यह फीचर आधिकारिक रूप से लॉन्च होगा, तो यूज़र्स अपने पसंद का नाम चुनकर उसे दूसरों के साथ साझा कर सकेंगे, ताकि उन्हें नंबर बताने की जरूरत न पड़े।
बेहतर प्राइवेसी और सुरक्षा
यह नया फीचर उन यूज़र्स के लिए खास तौर पर मददगार साबित होगा जो अपनी पर्सनल जानकारी सुरक्षित रखना चाहते हैं। इससे मोबाइल नंबर शेयर किए बिना चैट या कॉलिंग संभव होगी, जिससे अनजान लोगों या कार्य-संबंधित संपर्कों के साथ बातचीत में सुरक्षा बढ़ेगी। यह फीचर वर्क कम्युनिकेशन, कम्युनिटी ग्रुप्स या ऑनलाइन अजनबियों से बातचीत करने वालों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।