WhatsApp पर मंडराया खतरा! चेतावनी जारी, Android और iOS दोनों यूजर्स हो सकते प्रभावित

HIGHLIGHTS

WhatsApp में दो बड़ी खामियां मिली

Windows और मोबाइल यूजर्स प्रभावित

तुरंत ऐप अपडेट करना बेहद जरूरी

दुनियाभर में WhatsApp यूजर्स के लिए एक अहम सिक्योरिटी चेतावनी जारी की गई है. Meta ने बताया है कि ऐप में दो ऐसी खामियां सामने आई थीं जो Windows, Android और iOS डिवाइस को प्रभावित कर सकती थीं. हालांकि, कंपनी ने इन समस्याओं को ठीक कर दिया है, लेकिन यूजर्स को अब भी सतर्क रहने की जरूरत है.

Windows यूजर्स के लिए सबसे बड़ा खतरा

Meta के अनुसार पहली समस्या खास तौर पर Windows यूजर्स से जुड़ी थी. इसमें कोई भी अटैचमेंट जैसे PDF फाइल या डॉक्यूमेंट के जरिए मैलवेयर सिस्टम में एंट्री कर सकता था. जैसे ही यूजर इस तरह की फाइल डाउनलोड करता, यह बग एक्टिव हो जाता और सिस्टम को नुकसान पहुंचाने का खतरा बन जाता.

इस तरह के हमले से हैकर्स आपके सिस्टम तक पहुंच बना सकते हैं और आपकी निजी जानकारी को एक्सेस कर सकते हैं. इसलिए किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड करने से पहले सावधानी जरूरी है.

Android और iOS पर भी था जोखिम

दूसरी समस्या Android और iOS यूजर्स को प्रभावित कर सकती थी. इसमें कुछ कंटेंट सिक्योरिटी चेक को बायपास कर सकता था और डिवाइस पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था. हालांकि, Meta ने बताया है कि इन दोनों समस्याओं को समय रहते पहचान लिया गया और इन्हें ठीक कर दिया गया है. कंपनी का कहना है कि इनका बड़े स्तर पर दुरुपयोग होने की संभावना कम थी.

बग बाउंटी से सामने आईं खामियां

Meta ने इन समस्याओं की पहचान अपने बग बाउंटी प्रोग्राम के जरिए की है. इस प्रोग्राम में बाहरी एक्सपर्ट्स ऐप में मौजूद खामियों को ढूंढते हैं और कंपनी को रिपोर्ट करते हैं. इस बार भी इसी प्रक्रिया की मदद से WhatsApp में मौजूद खामियों को समय रहते ठीक कर लिया गया, जिससे करोड़ों यूजर्स को बड़े खतरे से बचाया जा सका.

यूजर्स को क्या करना चाहिए?

अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं तो सबसे जरूरी है कि आप अपने ऐप को तुरंत अपडेट करें. नया अपडेट इन सभी खामियों को ठीक कर चुका है और आपके डिवाइस को सुरक्षित रखेगा. साथ ही, किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचें. कई बार एक गलत क्लिक ही आपके डेटा को खतरे में डाल सकता है.

पहले भी हो चुके हैं बड़े हमले

WhatsApp पहले भी Pegasus जैसे स्पाइवेयर हमलों का शिकार हो चुका है, जिसमें खास लोगों को निशाना बनाया गया था. हालांकि WhatsApp एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का दावा करता है, लेकिन यूजर की एक गलती पूरे डेटा को खतरे में डाल सकती है. अब WhatsApp अपने प्लेटफॉर्म को और सुरक्षित बनाने के साथ-साथ नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है. आने वाले समय में ऐप का नया Plus वर्जन भी देखने को मिल सकता है, जिसमें डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस से जुड़े बदलाव होंगे.

यह भी पढ़ें: भूल जाइए iPhone 16-17! कौड़ियों के दाम में मिल रहा iPhone 15, यहां मिल रही डील

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :