Paytm Pocket Money Feature Launched: Paytm ने टीनेजर्स के लिए एक नया फीचर ‘Pocket Money’ लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से अब टीनेजर्स बिना अपने बैंक अकाउंट के भी UPI पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा NPCI के UPI सर्कल फ्रेमवर्क पर आधारित है, जिसके जरिए माता-पिता या परिवार के सदस्य बच्चों को सीमित और नियंत्रित डिजिटल पेमेंट एक्सेस दे सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, टीनेजर्स इस फीचर का इस्तेमाल स्कूल और कॉलेज कैंटीन में पेमेंट, मेट्रो यात्रा, कैब बुकिंग, मोबाइल रिचार्ज और शॉपिंग जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कर सकेंगे। वहीं, माता-पिता बच्चों के खर्च पर नजर रखने के लिए मासिक खर्च सीमा तय कर पाएंगे और हर ट्रांजैक्शन को रियल टाइम में मॉनिटर कर सकेंगे। Paytm ने इस फीचर को अपने ‘Spend Summary’ टूल के साथ भी जोड़ा है। इसके जरिए परिवार अलग-अलग कैटेगरी में खर्च को ट्रैक कर सकेंगे और बच्चों के पॉकेट मनी मैनेजमेंट को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे।
इस फीचर की खास बात यह है कि टीनेजर्स अपने मोबाइल फोन से सीधे पेमेंट कर पाएंगे। इसके लिए उन्हें माता-पिता का फोन, OTP या मैसेजिंग ऐप पर QR कोड शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने कई सिक्योरिटी फीचर्स भी जोड़े हैं। सेटअप के शुरुआती 30 मिनट तक अधिकतम 500 रुपये की ट्रांजैक्शन सीमा लागू रहेगी। वहीं, पहले 24 घंटे के दौरान कुल 5,000 रुपये तक ही भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा, डिवाइस लॉक अनिवार्य होगा। माता-पिता किसी भी समय अपने Paytm UPI PIN के जरिए खर्च सीमा बदल सकते हैं या एक्सेस पूरी तरह बंद कर सकते हैं।
इसके अलावा, इस फीचर के तहत एक बार में 5,000 रुपये तक का ट्रांजैक्शन किया जा सकेगा, जबकि पूरे महीने में कुल खर्च सीमा 15,000 रुपये तय की गई है। यह सुविधा सेविंग्स और करेंट अकाउंट दोनों पर उपलब्ध रहेगी। हालांकि, इंटरनेशनल पेमेंट और कैश विड्रॉल की अनुमति नहीं होगी।
यह फीचर Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर Paytm ऐप के लेटेस्ट वर्जन में उपलब्ध है।
Paytm Pocket Money को एक्टिवेट करने की प्रक्रिया बेहद आसान है और इसे करीब दो मिनट में पूरा किया जा सकता है।
डिजिटल पेमेंट की बढ़ती आदतों के बीच पेटीएम पॉकेट मनी टीनेजर्स को सुरक्षित और नियंत्रित UPI एक्सेस देने का काम करेगा। रियल टाइम खर्च ट्रैकिंग, पैरेंटल कंट्रोल और UPI Circle जैसी सुविधाओं के साथ यह फीचर बच्चों को कम उम्र से ही जिम्मेदारी के साथ डिजिटल भुगतान करना सिखाने में मदद करेगा।