Vivo ने Vivo Y32 को चुनिंदा ग्लोबल बाज़ारों में लॉन्च किया है। 8,000mAh की बड़ी बैटरी और 50MP कैमरे से लैस यह फोन 25 हजार रुपये के आसपास की कीमत वाले सेगमेंट में आता है। इस कीमत पर भारत में इसका मुकाबला Realme P4R 5G और Poco M8x 5G जैसे डिवाइसेज़ से होगा। तीनों स्मार्टफोन्स में बड़ी बैटरी और 50MP मेन कैमरा मिलता है, लेकिन डिस्प्ले, प्रोसेसर, चार्जिंग और सॉफ्टवेयर के मामले में काफी अंतर है। आइए Vivo Y32, Realme P4R और Poco M8x की तुलना करते हैं।
Vivo Y32 में 6.87 इंच का HD LCD डिस्प्ले दिया गया है। इसका रिजॉल्यूशन 1592×720 पिक्सल, रिफ्रेश रेट 120Hz, 255ppi पिक्सल डेंसिटी और 83 प्रतिशत NTSC कलर गैमट है। स्क्रीन की HBM ब्राइटनेस 1,300 निट्स तक है। फोन का वजन 229 ग्राम और मोटाई 8.79mm है। इसे IP68 और IP69 डस्ट व वॉटर रेजिस्टेंस रेटिंग मिली है। साथ ही फोन को SGS 5-स्टार ड्रॉप रेजिस्टेंस सर्टिफिकेशन भी मिला है।
Realme P4R 5G में 6.8 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 720×1570 पिक्सल है। इसमें 144Hz तक रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है। फोन की मोटाई करीब 8.8mm और वजन लगभग 224 ग्राम है। इसमें IP65 रेटिंग, MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन और ArmourShell Tough Build मिलता है।
Poco M8x 5G में तीनों में सबसे बड़ा 6.9 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 720×1600 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट और Corning Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन मिलता है। स्क्रीन में Wet Touch 2.0 और TÜV Rheinland Low Blue Light, Circadian Friendly और Flicker Free सर्टिफिकेशन भी हैं। फोन को IP64 रेटिंग मिली है।
Vivo Y32 में 6nm पर बना Unisoc T7300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 6GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 2.2 या eMMC 5.1 स्टोरेज मिलती है। RAM को 6GB तक एक्सपेंड किया जा सकता है, जबकि microSD कार्ड के जरिए स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है।
Realme P4R 5G में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर और ARM Mali-G57 MC2 GPU दिया गया है। इसमें 6GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। यह Android 16 आधारित Realme UI 7.0 पर चलता है। कंपनी फोन को दो साल के Android अपडेट और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
Poco M8x 5G में 4nm पर बना Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 चिपसेट दिया गया है। इसमें 6GB तक LPDDR4X RAM और UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। फोन Android 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है। कंपनी चार OS अपग्रेड और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
Vivo Y32 में डुअल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें 50MP का मुख्य कैमरा f/2.0 अपर्चर के साथ दिया गया है। इसके साथ 2MP का सेकेंडरी कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Realme P4R 5G में 50MP का मुख्य रियर कैमरा f/1.8 अपर्चर और ऑटोफोकस के साथ मिलता है। इसमें 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Poco M8x 5G में भी डुअल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें 50MP का मुख्य कैमरा 2x डिजिटल जूम के साथ और 2MP का मैक्रो कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन 1080p तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।
Vivo Y32 में 8,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 44W चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार यह एक बार चार्ज करने पर 36 घंटे तक वीडियो प्लेबैक, 14 घंटे तक Google Maps नेविगेशन और 59 घंटे तक 4G कॉलिंग दे सकती है।
Realme P4R 5G में भी 8,000mAh की बैटरी मिलती है, लेकिन इसमें 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। फोन बायपास चार्जिंग और रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। कंपनी के मुताबिक बैटरी 1,600 चार्जिंग साइकल के बाद भी 80 प्रतिशत से ज्यादा क्षमता बनाए रख सकती है और एक चार्ज में तीन दिन तक चल सकती है।
Poco M8x 5G में 7,900mAh की बैटरी दी गई है। इसमें 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार फोन एक चार्ज में करीब 35 घंटे सोशल मीडिया, 27 दिन मैसेजिंग, 13 घंटे GPS नेविगेशन या 64 घंटे म्यूजिक प्लेबैक दे सकता है।
Vivo Y32 की कीमत भारत में आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है, क्योंकि फोन को फिलहाल चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया गया है। बांग्लादेश में इसकी कीमत 4GB+128GB मॉडल के लिए BDT 30,999 यानी करीब 24,300 रुपये और 6GB+128GB वेरिएंट के लिए BDT 34,999 यानी करीब 27,000 रुपये है।
Realme P4R 5G की भारत में कीमत 4GB+64GB मॉडल के लिए 20,999 रुपये है। इसके 4GB+128GB वेरिएंट की कीमत 22,999 रुपये और 6GB+256GB मॉडल की कीमत 25,999 रुपये है। एक वेरिएंट 6GB+256GB वाला भी है जो 28,999 रुपये का है।
वहीं Poco M8x 5G की शुरुआती कीमत 20,999 रुपये है, जिसमें 4GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है। इसका 6GB+128GB मॉडल 22,999 रुपये में आता है।
यह भी पढ़ें: Amazon Sale में धम्म करके गिरी Samsung Galaxy S25 Ultra की कीमत, दे दना दन हो रही बुकिंग