Redmi R80m 5G vs Realme 16T vs Motorola Edge 70 Fusion: डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, स्पेक्स और कीमत की तुलना
Redmi ने चीन में अपनी R सीरीज का नया स्मार्टफोन Redmi R80m 5G पेश किया है। यह फोन 120Hz रिफ्रेश रेट वाली बड़ी डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी के साथ आता है। हालांकि, फिलहाल इसे भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की जानकारी नहीं है। दूसरी ओर, Realme 16T और Motorola Edge 70 Fusion भारत में उपलब्ध हैं और इसी प्राइस रेंज में ग्राहकों को अलग-अलग फीचर्स ऑफर करते हैं। Realme 16T में 8,000mAh की बैटरी और 144Hz डिस्प्ले मिलती है, जबकि Motorola Edge 70 Fusion में 1.5K AMOLED स्क्रीन और Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। अगर आप 30 हज़ार रुपये के आसपास की कीमत में नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए इन तीनों स्मार्टफोन के स्पेसिफिकेशन्स और कीमत की तुलना करते हैं।
Redmi R80m 5G vs Realme 16T vs Motorola Edge 70 Fusion
डिजाइन और डिस्प्ले
Redmi R80m 5G में 6.9 इंच की HD+ LCD डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 1600 x 720 पिक्सल है और यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक, स्क्रीन 810 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस दे सकती है। इसके अलावा, इसमें लो ब्लू लाइट, DC डिमिंग और फ्लिकर-फ्री सर्टिफिकेशन भी मिलता है। फोन को Phoenix Feather White, Leather-Textured Brown, Flowing Cloud Blue और Black कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
Realme 16T में 6.8 इंच की LCD स्क्रीन मिलती है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.4 प्रतिशत है और यह 16.7 मिलियन कलर दिखा सकती है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक जाती है। इसमें Sun Display, फुल-ब्राइटनेस DC डिमिंग, आई प्रोटेक्शन मोड, डार्क मोड और ऐप के हिसाब से रिफ्रेश रेट कंट्रोल करने जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। यह Starlight Black, Starlight Blue और Starlight Red कलर में उपलब्ध है।
वहीं, Motorola Edge 70 Fusion में 6.78 इंच की Super HD 1.5K Extreme AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 1,272 x 2,772 पिक्सल है और रिफ्रेश रेट 144Hz तक है। इसमें HDR10+ सपोर्ट, 5,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस, 10-बिट कलर डेप्थ और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 7i दिया गया है। यह फोन Pantone Blue Surf, Pantone Country Air और Pantone Silhouette कलर में आता है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
Redmi R80m 5G में MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। यह 6nm फैब्रिकेशन पर बना है और इसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.4GHz है। मल्टीटास्किंग के लिए इसमें LPDDR4X रैम मिलती है। फोन Android आधारित Xiaomi HyperOS 3 पर काम करता है। यह स्मार्टफोन 6GB रैम के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया गया है।
Realme 16T में भी MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है। हालांकि, इसमें 8GB तक LPDDR4X रैम और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। सॉफ्टवेयर के लिए यह Android 16 पर आधारित Realme UI 7 पर चलता है। इसमें स्प्लिट-स्क्रीन मल्टीटास्किंग, फ्लोटिंग विंडो, स्क्रीन रिकॉर्डिंग, OPPO Share और iOS फाइल शेयरिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
दूसरी ओर, Motorola Edge 70 Fusion में Qualcomm का Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 12GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज मिलती है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित Hello UI पर चलता है। कंपनी ने इसके लिए तीन OS अपग्रेड और पांच साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
कैमरा में किसका दबदबा?
फोटोग्राफी के लिए Redmi R80m 5G में LED फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसके साथ एक सेकेंडरी ऑक्जिलरी लेंस भी मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
Realme 16T में 50 मेगापिक्सल का Sony IMX852 प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। यह f/1.8 अपर्चर और ऑटोफोकस सपोर्ट के साथ आता है। इसके साथ 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम सेंसर भी मिलता है। कैमरा सिस्टम में Realme का LumaColor IMAGE Engine शामिल है, जो AI प्रोसेसिंग के जरिए स्किन टोन, टेक्सचर और डायनामिक रेंज बेहतर करने का दावा करता है। फोन में रियर Selfie Mirror फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से रियर कैमरे से सेल्फी लेते समय यूजर अपना प्रीव्यू देख सकता है। फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है, जो होल-पंच कटआउट में मौजूद है।
Motorola Edge 70 Fusion में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर और OIS सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल Sony LYTIA 710 प्राइमरी सेंसर मिलता है। इसके साथ 120 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 13 मेगापिक्सल अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है, जो मैक्रो फोटोग्राफी भी सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। यह फोन 30fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर सकता है।
बैटरी और चार्जिंग
Redmi R80m 5G में 6,000mAh की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए 33W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। कंपनी का दावा है कि फोन की बैटरी चार साल की ड्यूरेबिलिटी के साथ आती है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में डुअल-बैंड Wi-Fi और Bluetooth 5.4 जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Realme 16T में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसमें बाईपास चार्जिंग और 6.5W तक वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी के मुताबिक, फोन एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक चल सकता है। Realme का दावा है कि इसकी बैटरी सात साल तक हेल्दी परफॉर्मेंस और फोन छह साल तक स्मूद परफॉर्मेंस दे सकता है। कंपनी के अनुसार, इसे पूरी तरह चार्ज होने में करीब 104 मिनट लगते हैं।
Motorola Edge 70 Fusion में 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 68W TurboPower फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6E, Bluetooth 6.0, NFC और GPS जैसे फीचर्स मिलते हैं। फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर और Dolby Atmos सपोर्ट भी दिया गया है।
भारत में कीमत
Redmi R80m 5G को फिलहाल चीन में लॉन्च किया गया है। इसके 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 2,199 युआन है, जो भारतीय करेंसी में करीब 28,000 रुपये होती है। वहीं, 6GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल को 2,599 युआन यानी लगभग 34,000 रुपये में पेश किया गया है। फिलहाल कंपनी ने इसके भारत लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
Realme 16T की भारत में शुरुआती कीमत 31,999 रुपये है। इस कीमत में 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट मिलता है। इसके 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 33,999 रुपये है, जबकि 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट 36,999 रुपये में उपलब्ध है।
वहीं, Motorola Edge 70 Fusion के 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 30,999 रुपये रखी गई है। इसके 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट को 32,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। फोन का 12GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल 34,999 रुपये में उपलब्ध है।