जब विनोद कांबली के साथ हुआ था साइबर फ्रॉड..1 कॉल से सवा लाख गायब! लेकिन ऐसा करते ही वापस मिल गए पैसे

हाल ही में पूर्व भारतीय क्रिकेटर Vinod Kambli चर्चा में रहे हैं. उनकी आर्थिक स्थिति देखकर सुनील गावस्कर ने उनकी मदद की बात कही है. एक समय करोड़ों कमाने वाले विनोद कांबली की इस स्थिति काफी लोगों को बुरी लग रही है. इस परेशानी में पहुंचने के कई कारण हो सकते हैं. यहां उनके जीवन का एक किस्सा आपको बताते हैं जब वह साइबर फ्रॉड का शिकार हुए थे.
मामला 3 साल पुराना है. उन्होंने एक कॉल की वजह से लाखों रुपये गंवा दिए थे. उनको फ्रॉडस्टर का कॉल आया था. उसने अपने आपको प्राइवेट बैंक का एग्जीक्यूटिव बताकर KYC डिटेल्स अपडेट करने की बात कही थी. KYC अपडेट ना होने की स्थिति में कार्ड को डिएक्टिवेट करने की बात कही गई थी.
AnyDesk से हुआ था स्कैम
कॉल करने वाले फ्रॉडस्टर ने उन्हें AnyDesk ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा. इससे स्कैमर्स के पास उनके डिवाइस का रिमोट एक्सेस पहुंच गया. फोन बातचीत के दौरान ही उनके अकाउंट से कई ट्रांजैक्शन हो गए. इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं.
उन्होंने तुरंत बैंक, पुलिस और अपने CA को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके पैसे को रिवर्स करवा दिया था. इस स्कैम में उनके अकाउंट से लगभग सवा लाख रुपये कट गए थे. हालांकि, पुलिस ने उनके पैसे को रिवर्स करवा दिया था. इस वजह से उनको ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.
ऐसे रहें सावधान
लेकिन, हर बार ऐसा नहीं होता है. कई बार पैसे अकाउंट में रिवर्स नहीं होते हैं. ऐसे में आपको साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की जरूरत है. अभी ऑनलाइन स्कैम तेजी से बढ़ रहे हैं और लोगों को डिजिटल अरेस्ट करके पैसे ऐंठे जा रहे हैं. इस वजह से आपको अनजान कॉल या मैसेज को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
वॉट्सऐप के जरिए भी फ्रॉड करने की कोशिश की जाती है. इस वजह से अपने ऐप को हमेशा अपडेट रखें. वॉट्सऐप समेत सभी जरूरी ऐप्स के लिए 2FA एनेबल जरूर कर लें. अपने फोन में अच्छे एंटी-वायरस का इस्तेमाल करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से आपको बचना चाहिए.
Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.
View full profile