WhatsApp पर आया शादी का कार्ड, डाउनलोड करते ही 5 लाख गायब, इस स्कैम से बचने के जान लें तरीके

HIGHLIGHTS

APK फाइल से 5 लाख की ठगी

WhatsApp पर नया स्कैम एक्टिव

फाइल डाउनलोड से पहले करें जांच

WhatsApp पर आया शादी का कार्ड, डाउनलोड करते ही 5 लाख गायब, इस स्कैम से बचने के जान लें तरीके

WhatsApp पर आया एक शादी का निमंत्रण एक दुकानदार को भारी पड़ गया. रिपोर्ट के अनुसार, एक फर्नीचर शॉप मालिक ने जैसे ही “Wedding APK Invitation” नाम की फाइल डाउनलोड की, ठगों को उसके फोन का पूरा कंट्रोल मिल गया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 5 लाख रुपये निकल गए.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

कैसे हुआ पूरा फ्रॉड?

पुलिस के मुताबिक, 42 साल के एक व्यक्ति को एक जान-पहचान वाले नंबर से मैसेज मिला, जिसमें शादी का निमंत्रण भेजा गया था. मैसेज के साथ एक APK फाइल अटैच थी, जिसे उसने बिना सोचे-समझे डाउनलोड कर लिया. जैसे ही फाइल इंस्टॉल हुई, मोबाइल में मालवेयर एक्टिव हो गया और ठगों को फोन का रिमोट एक्सेस मिल गया. इसके बाद बिना जानकारी के कई ट्रांजैक्शन कर दिए गए और खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए गए. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कैसे काम करता है यह WhatsApp स्कैम?

WhatsApp पर यह स्कैम तेजी से फैल रहा है. इसमें यूजर्स को किसी इवेंट जैसे शादी या पार्टी का मैसेज भेजा जाता है. मैसेज में एक फाइल या लिंक दिया जाता है, जो देखने में आम PDF या फोटो जैसा लगता है, लेकिन असल में APK फाइल होती है. इसे डाउनलोड करते ही फोन में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है. इसके बाद ठग आपके फोन की हर गतिविधि देख सकते हैं, OTP पढ़ सकते हैं, बैंक ऐप एक्सेस कर सकते हैं और आपकी निजी जानकारी भी चुरा सकते हैं.

लोग क्यों फंस जाते हैं इस जाल में?

यह स्कैम भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाता है. शादी का निमंत्रण अचानक आना सामान्य बात है, इसलिए लोग ज्यादा जांच नहीं करते. WhatsApp पर मैसेज आने की वजह से भी लोग इसे सुरक्षित मान लेते हैं और जल्दी में फाइल खोल देते हैं, जिससे ठगों को मौका मिल जाता है.

कौन से संकेत बताते हैं कि मैसेज फर्जी है?

अगर कोई अनजान नंबर से मैसेज आए या कोई दूर का जानकार अचानक निमंत्रण भेजे, तो सतर्क रहें. अगर फाइल .apk फॉर्मेट में है, तो उसे कभी डाउनलोड न करें. इसके अलावा मैसेज में जल्दबाजी का दबाव, गलत भाषा या अजीब टेक्स्ट भी स्कैम का संकेत हो सकता है.

ऐसे बच सकते हैं इस तरह की ठगी से

  • किसी भी अनजान व्यक्ति से आई फाइल डाउनलोड न करें. APK फाइल को WhatsApp या किसी मैसेजिंग ऐप से इंस्टॉल करने से बचें.
  • अगर किसी जान-पहचान वाले का मैसेज भी संदिग्ध लगे, तो पहले कॉल करके पुष्टि करें. ऐप्स हमेशा Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें.
  • फोन की सिक्योरिटी अपडेट रखें और ऐप परमिशन समय-समय पर चेक करते रहें.
  • अगर गलती से फाइल डाउनलोड हो जाए तो क्या करें
  • अगर आपने ऐसी फाइल डाउनलोड कर ली है, तो तुरंत इंटरनेट बंद करें और फोन का सिक्योरिटी स्कैन करें.
  • इसके बाद National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करें या 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें.
  • अगर पैसे की ठगी हुई है, तो तुरंत अपने बैंक को जानकारी दें ताकि आगे नुकसान रोका जा सके.

यह भी पढ़ें: iPhone के सबसे पतले फोन मॉडल की कीमत में जबरदस्त गिरावट! हाथ से जाने न दें ये मौका, 24 हजार की मिल रही छूट

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile