भारतीय रेलवे ने यात्रियों को और अधिक सुविधा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. अब वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए आप ट्रेन छूटने से महज 15 मिनट पहले तक टिकट बुक कर सकते हैं. यह सुविधा खासकर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद है जो अचानक यात्रा की योजना बनाते हैं. फिलहाल यह सुविधा साउदर्न रेलवे जोन के कुछ चुनिंदा वंदे भारत ट्रेनों में लागू की गई है.
अभी देशभर में कुल 144 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं, जो बड़े शहरों को हाई-स्पीड और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ती हैं. पहले तक ट्रेन के चलने के बाद बीच के स्टेशनों से टिकट बुकिंग की अनुमति नहीं होती थी, भले ही सीटें खाली क्यों न हों. लेकिन अब इस नई सुविधा के जरिए रेलवे ने इस रोक को हटा दिया है.
यह सुविधा फिलहाल दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के प्रमुख रूट्स पर उपलब्ध है. इसके तहत यात्री ट्रेन छूटने से 15 मिनट पहले तक बीच के स्टेशनों से भी टिकट बुक कर सकते हैं.
रेलवे ने अपने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को अपग्रेड किया है ताकि लास्ट-मिनट बुकिंग को संभाला जा सके. इसके लिए सबसे पहले www.irctc.co.in वेबसाइट या IRCTC Rail Connect ऐप खोलें.
फिर ऑफिशियल आईडी से लॉगिन या रजिस्टर करें. इसके बाद बोर्डिंग स्टेशन, डेस्टिनेशन, डेट और वंदे भारत ट्रेन चुनें. यहां पर सिस्टम रियल-टाइम में सीट की उपलब्धता दिखाएगा. फिर क्लास और बोर्डिंग स्टेशन चुनें. आप क्लास में चेयर कार या एक्जीक्यूटिव क्लास चुन सकते हैं. फिर ऑनलाइन पेमेंट के बाद ई-टिकट SMS और ईमेल से मिल जाएगा.
यह भी पढ़ें: Realme, Oppo और OnePlus यूजर्स आज ही ऑन कर लें ये दो सेटिंग, चोरों की आ जाएगी शामत, खुद लौटा जाएगा फोन!