बिना पुलिस वेरिफिकेशन के मिल जाएगा Passport, ऐसे करना होगा अप्लाई, जानें लें एक-एक बात
Passport विदेश यात्रा में सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट है. इसको आप पहचान पत्र के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, कई लोगों को इसे अप्लाई करने का काम काफी झंझट वाला लगता है. इससे पुलिस वेरिफिकेशन और बाकी चीजों से वे परेशान रहते हैं. लेकिन, आप बिना पुलिस वेरिफिकेशन के भी पासपोर्ट बनवा सकते हैं.
अगर आपको जल्द पासपोर्ट की जरूरत है तो तत्काल पासपोर्ट स्कीम आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प हो सकती है. अच्छी बात है कि इसमें पुलिस वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होती है. भारत सरकार की यह स्कीम उन नागरिकों के लिए है जिन्हें किसी जरूरी कारण जैसे सरकारी काम, मेडिकल इमरजेंसी या अन्य कारणों से तुरंत पासपोर्ट चाहिए. तत्काल स्कीम के तहत पासपोर्ट जल्दी प्रोसेस होता है और अब इसके लिए गजटेड ऑफिसर से वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं है.
तत्काल पासपोर्ट के लिए जरूरी डॉक्युमेंट्स
पासपोर्ट सेवा पोर्टल के मुताबिक, तत्काल पासपोर्ट के लिए आप निम्न में से कोई भी 3 डॉक्युमेंट्स जमा कर सकते हैं:
- आधार कार्ड या ई-आधार (UIDAI द्वारा जारी 12 अंकों वाला आधार नंबर)
- मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC)
- राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों, स्थानीय निकायों या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी सर्विस फोटो आईडी कार्ड
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र
- पेंशन डॉक्युमेंट्स जैसे पूर्व सैनिकों की पेंशन बुक या सरकारी कर्मचारियों को जारी पेंशन भुगतान आदेश
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस (वैलिड और राज्य क्षेत्राधिकार के अंतर्गत)
तत्काल पासपोर्ट के लिए कितनी फीस देनी होगी?
Passport India की वेबसाइट के अनुसार, तत्काल स्कीम के तहत फीस इस प्रकार है:
- नया पासपोर्ट/री-इश्यू (36 पेज, 10 साल की वैधता): ₹3,500
- नया पासपोर्ट/री-इश्यू (60 पेज, 10 साल की वैधता): ₹4,000
- गुम, डैमेज या चोरी हुए पासपोर्ट का रिप्लेसमेंट (36 पेज): ₹5,000
- यह फीस रेगुलर पासपोर्ट फीस के अलावा एक्स्ट्रा चार्ज के रूप में ली जाती है.
तत्काल स्कीम के तहत पासपोर्ट कब तक मिलेगा?
पासपोर्ट सेवा पोर्टल के मुताबिक, यदि आपका एप्लिकेशन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा हो जाता है और स्टेटस 'Granted' आता है तो तीसरे कार्यदिवस (जमा करने की तारीख को छोड़कर) पर आपका पासपोर्ट डिस्पैच कर दिया जाएगा. इसमें पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट का इंतजार नहीं किया जाता.
कौन लोग तत्काल स्कीम के तहत पासपोर्ट के लिए आवेदन नहीं कर सकते?
सरकारी गाइडलाइन के अनुसार, नीचे दिए गए व्यक्तियों को तत्काल पासपोर्ट स्कीम के तहत आवेदन करने की अनुमति नहीं है:
- जो लोग विदेश में भारतीय माता-पिता से जन्मे हैं (Citizens of India by Descent)
- जिन्हें गृह मंत्रालय द्वारा रजिस्ट्रेशन या नैचुरलाइज़ेशन के ज़रिए नागरिकता मिली हो
- जिनका नाम बदला गया हो (Name change allowed नहीं है)
- जम्मू और कश्मीर के निवासी
- ऐसे बच्चे जिन्हें भारतीय या विदेशी अभिभावकों ने गोद लिया हो
- ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता अलग रह रहे हों लेकिन कानूनी रूप से तलाकशुदा न हों
तत्काल पासपोर्ट स्कीम उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी है जिन्हें फौरन पासपोर्ट की जरूरत होती है. बिना गजटेड ऑफिसर के सर्टिफिकेट के सिर्फ तीन डॉक्युमेंट्स जमा कर आप यह सुविधा पा सकते हैं. अगर आप उपरोक्त अपात्रताओं में नहीं आते हैं तो आप बड़ी आसानी से इस स्कीम का लाभ उठा सकते हैं.