आ गई सेल्फ-असेम्बलिंग पेंट टेक्नोलॉजी..केवल कलर रखेंगे आपकी दीवार को ठंडा, 9 डिग्री तक कम रहेगा तापमान
वैज्ञानिकों ने नया रंगीन कूलिंग पेंट तैयार किया है.
यह तेज धूप में भी सतह का तापमान 9 डिग्री तक कम कर सकता है.
इस पेंट से घर ठंडा रहेगा और बिजली की बचत भी होगी.
गर्मियों में घर और इमारतें भट्टी की तरह गर्म हो जाती हैं. इससे AC और कूलर को घर ठंडा रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे बचने के लिए लोग अक्सर घर की बाहरी दीवारों और छत पर सफेद रंग करवाते हैं या फिर दिन-रात AC चलाते हैं, जिससे बिजली का बिल काफी बढ़ जाता है. लेकिन अब वैज्ञानिकों ने सफेद कूलिंग पेंट की खासियत को रंगीन कूलिंग पेंट में भी उपलब्ध करा दिया है.
Survey9 डिग्री तक कम हो सकता है तापमान
जर्नल Nature Energy में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, City University of Hong Kong के प्रोफेसर Dongyuan Lei और उनकी टीम ने एक ऐसा पर्यावरण के अनुकूल पेंट विकसित किया है, जो तेज धूप में भी सतह का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सिर्फ सफेद रंग में ही नहीं, बल्कि कई रंगों में भी उपलब्ध है. इस पेंट को Self-Assembling Paint नाम दिया गया है.

पारंपरिक कूलिंग पेंट का इस्तेमाल करने के लिए पहले मोटी सफेद बेस कोट और उसके ऊपर मनचाहे रंग की दूसरी परत लगानी पड़ती थी. लेकिन हांगकांग के वैज्ञानिकों ने पौधों की कोशिकाओं में पाए जाने वाले Ethyl Cellulose नामक कंपाउंड का इस्तेमाल करके इस समस्या का समाधान कर दिया है.
दीवार पेंट का कमाल
दीवार पर यह पेंट लगाने के बाद सूखने के दौरान इसके अणु अपने आप दो अलग-अलग परतों में बंट जाते हैं. इसकी निचली परत सूरज की 97 प्रतिशत रोशनी को परावर्तित करती है, जबकि ऊपरी परत दीवार को आकर्षक और चमकीला रंग देती है. इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सामान्य पेंट की तरह सिर्फ सफेद रंग तक सीमित नहीं है.
इसकी मदद से घर की दीवारों को मनचाहा रंग दिया जा सकता है और रंगीन होने के बावजूद इसकी कूलिंग क्षमता में कोई कमी नहीं आती. अब दीवार पर इस पेंट की सिर्फ एक ही परत लगानी होती है, जिसे सामान्य रोलर या स्प्रे की मदद से आसानी से लगाया जा सकता है.

इसे चलाने के लिए किसी कंप्रेसर या बिजली की जरूरत नहीं होती. इसके इस्तेमाल के बाद घर को ठंडा रखने के लिए कूलर या AC को कम मेहनत करनी पड़ती है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है. शहरों में कंक्रीट की इमारतें दिनभर गर्मी सोखती हैं और रात में उसे छोड़ती हैं, जिससे शहरी इलाके ज्यादा गर्म बने रहते हैं.
इस नई तकनीक की मदद से लोग अपने घरों और आसपास की इमारतों को बिना रंगों से समझौता किए ठंडा रखने का इंतजाम कर सकते हैं. यह पेंट सिर्फ सूरज की रोशनी को परावर्तित ही नहीं करता, बल्कि गर्मी को वातावरण के बाहर भी भेजता है. इससे भीषण गर्मी के दौरान बिजली ग्रिड पर पड़ने वाला दबाव भी काफी कम हो सकता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, परीक्षण के दौरान यह पेंट काफी मजबूत और टिकाऊ पाया गया है. धूप, बारिश और खरोंच के बाद भी यह कई वर्षों तक टिक सकता है.
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
