Bharat Taxi vs Ola vs Uber: क्या वाकई सस्ती होगी भारत टैक्सी की राइड? देखें तीनों का प्राइस कंपैरिजन

Bharat Taxi vs Ola vs Uber: क्या वाकई सस्ती होगी भारत टैक्सी की राइड? देखें तीनों का प्राइस कंपैरिजन

भारत की कैब सर्विस इंडस्ट्री में अब एक नया खिलाड़ी एंट्री कर चुका है, जिसका नाम है Bharat Taxi. इसकी शुरुआत दिल्‍ली से की गई है और इसे Ola और Uber जैसे बड़े राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स के ऑल्टरनेटिव के तौर पर देखा जा रहा है. कंपनी का दावा है कि यह मॉडल ड्राइवरों के लिए ज्यादा फायदेमंद होने के साथ-साथ यात्रियों को किफायती किराए के साथ संतोषजनक अनुभव देगा. आज इस सर्विस को दिल्ली में अधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जा रहा है, ऐसे में हमने खुद जांचने की कोशिश की कि क्या Bharat Taxi वाकई Ola और Uber से सस्ती है. तीनों ऐप्स पर एक ही रूट का किराया चेक किया गया और नतीजे उम्मीद से काफी अलग निकले.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

Bharat Taxi vs Ola vs Uber

तीनों कैब ऐप्स की तुलना करने के लिए एक समान दूरी और लोकेशन को चुना गया. मान लीजिए, सफर नोएडा सेक्टर 18 के DLF मॉल से दिल्ली के अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन तक करना है. दूरी लगभग 8 से 9 किलोमीटर बैठती है. इसी रूट के लिए Ola, Uber और Bharat Taxi पर एक-एक करके किराए देखे गए.

Bharat Taxi का किराया

भारत टैक्सी ऐप पर सेक्टर 18 DLF से अक्षरधाम मेट्रो तक का 4 सीटर कैब का किराया 270 रुपये से 309 रुपये के बीच दिखाया गया. बजट फ्रेंडली छोटी कार के लिए 270 रुपये बताए गए, जबकि फास्ट पिक-अप ऑप्शन का किराया 290 रुपये था. प्राइम सेडान कैटेगरी में यही दूरी तय करने के लिए करीब 309 रुपये चार्ज किए जा रहे थे. अगर कोई अकेले सफर कर रहा है और भारत बाइक चुनता है, तो इसके लिए लगभग 73 रुपये देने पड़ते. इसके अलावा XL कैब का किराया 386 रुपये था.

Ola सस्ते में पहुंचा रहा

Ola ने इसी रूट पर मिनी नॉन-एसी कार के लिए 258 रुपये का किराया दिखाया. एसी कैब चुनने पर इसमें करीब 10 रुपये का इजाफा हुआ और कुल किराया 368 रुपये हो गया. अगर 6 लोगों के लिए XL कैब बुक की जाए, तो इसके लिए 420 रुपये का किराया बताया गया, जो बाकी ऐप्स के मुकाबले ज्यादा लगा. बाइक की बात करें, तो ओला ने इस सफर के लिए 92 रुपये का किराया दिखाया.

Uber ने दिखाया सबसे सस्ता किराया

ओला और भारत टैक्सी दोनों के मुकाबले Uber का किराया ज्यादा किफायती नजर आया. Uber ने छोटी कार में नोएडा DLF से अक्षरधाम मेट्रो तक पहुंचाने के लिए करीब 228 रुपये का अनुमान दिखाया. गो-सेडान ऑप्शन में यह किराया 229 रुपये के आसपास रहा. वहीं 257 रुपये में प्रीमियर कैब भी उपलब्ध थी. बाइक के मामले में Uber सबसे सस्ता साबित हुआ, जहां 65 रुपये से भी कम में यह सफर संभव बताया गया. इसके अलावा ऊबर के पास ऑटो भी उपलब्ध था जिसका किराया 155 रुपये था.

कुल नतीजों पर नजर डालें तो मौजूदा समय में Bharat Taxi का किराया Uber की तुलना में थोड़ा ज्यादा दिखाई देता है, लेकिन वहीं Ola से इसकी टक्कर आमने-सामने की लगती है, जहां कहीं भारत टैक्सी का किराया ज्यादा था, तो कहीं ओला का. हालांकि, केवल कीमत के आधार पर किसी प्लेटफॉर्म को जज करना सही नहीं होगा. इसलिए अब इसके फीचर्स और दावों पर भी एक नजर डाल लेते हैं.

Bharat Taxi के फीचर्स

Bharat Taxi की सबसे अलग पहचान इसका कोऑपरेटिव मॉडल है. इस सिस्टम में ड्राइवर सिर्फ गाड़ी चलाने वाले नहीं होते, बल्कि प्लेटफॉर्म के सक्रिय सदस्य और साझेदार भी होते हैं. इसके उलट Ola और Uber में ड्राइवरों को गिग वर्कर की तरह ट्रीट किया जाता है और हर राइड पर कंपनी एक तय कमीशन काटती है. Bharat Taxi में ड्राइवरों से बहुत कम या बिल्कुल भी कमीशन नहीं लेने का दावा किया गया है, जिससे उनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा उनके पास ही रहता है.

सर्ज प्राइसिंग पर लगाम

यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Bharat Taxi ने सर्ज प्राइसिंग से दूरी बनाने की बात कही है. Ola और Uber में पीक टाइम, बारिश या ज्यादा डिमांड के दौरान किराया अचानक काफी बढ़ जाता है, जिससे यात्रियों को एक ही दूरी के लिए कई गुना ज्यादा भुगतान करना पड़ता है. Bharat Taxi का दावा है कि उसका किराया पहले से तय और स्थिर रहेगा, ताकि बुकिंग के समय ही यात्री को सही खर्च का अंदाजा मिल सके.

यात्रियों की सुरक्षा

सेफ्टी को लेकर भी Bharat Taxi खुद को मजबूत प्लेटफॉर्म के रूप में पेश कर रही है. इसमें ड्राइवर वेरिफिकेशन, लाइव ट्रैकिंग और कस्टमर सपोर्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं. हालांकि Ola और Uber में भी ये सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन इनके बावजूद यात्रियों की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं. Bharat Taxi का मानना है कि ड्राइवर खुद प्लेटफॉर्म के पार्टनर हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और व्यवहार दोनों बेहतर होंगे.

ड्राइवरों के लिए ज्यादा फायदेमंद

ड्राइवरों की नजर से देखें तो Bharat Taxi उन्हें ज्यादा स्थिर कमाई देने का दावा करती है. Ola और Uber में इंसेंटिव कटौती, रेट में बदलाव और अकाउंट सस्पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर ड्राइवरों की नाराजगी लंबे समय से देखने को मिली है. Bharat Taxi ड्राइवरों की भागीदारी बढ़ाकर और बेहतर कमाई का अवसर देकर इन परेशानियों को कम करने की कोशिश कर रही है.

कुल मिलाकर, Bharat Taxi को एक ऐसे ऑल्टरनेटिव के तौर पर पेश किया जा रहा है, जो यात्रियों को भरोसेमंद और पारदर्शी सफर का अनुभव दे सके और साथ ही ड्राइवरों को भी बेहतर कमाई और हिस्सेदारी मिले. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या Bharat Taxi सच में Ola और Uber जैसी दिग्गज कंपनियों को कड़ी टक्कर दे पाती है या नहीं.

यह भी पढ़ें: Uber-Ola की हो जाएगी छुट्टी? आज लॉन्च हो रही Bharat Taxi, ग्राहकों को सीधा फायदा, जानें कैसे करती है काम

Faiza Parveen

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile

Digit.in
Logo
Digit.in
Logo