IRCTC दे रहा है ऑफर, पहली बार रेलवे टिकट पर मिल रही बंपर छूट, जान लें बुकिंग का तरीका, ज्यादातर लोगों को नहीं पता

त्योहारों के दौरान ट्रेन टिकट की भारी मांग को देखते हुए इंडियन रेलवे ने यात्रियों के लिए एक खास राहत योजना पेश की है. रेलवे ने घोषणा की है कि दिवाली और छठ की छुट्टियों में यदि यात्री राउंड-ट्रिप पैकेज बुक करते हैं तो उन्हें रिटर्न जर्नी के बेसिक किराए पर 20% की छूट दी जाएगी. यह योजना फिलहाल एक्सपेरिमेंटल बेसिस पर लागू की जा रही है और इसकी बुकिंग 14 अगस्त 2025 से शुरू हो चुकी है.

कब कर सकते हैं यात्रा?

रेलवे ने इस पैकेज के लिए दो टाइम स्लॉट तय किए हैं. यात्री आगे की यात्रा (Onward Journey) के लिए 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच टिकट बुक कर सकते हैं. वहीं वापसी (Return Journey) की यात्रा 17 नवंबर 2025 से 1 दिसंबर 2025 के बीच की जा सकेगी. खास बात यह है कि इस पैकेज में रिटर्न टिकट पर 60 दिन पहले बुकिंग करने का नियम लागू नहीं होगा.

कौन ले सकता है इस छूट का फायदा?

यह छूट केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगी जो आगे और वापसी की यात्रा के लिए एक ही ग्रुप में टिकट बुक करेंगे. यानी आगे और वापसी दोनों टिकटों पर यात्रियों के नाम और जानकारी एक जैसी होनी चाहिए. अगर यात्री अलग-अलग नामों से टिकट बुक करते हैं तो छूट का लाभ नहीं मिलेगा.

कैसे होगी बुकिंग?

रेल मंत्रालय की ओर से 9 अगस्त 2025 को जारी PIB रिलीज़ में बताया गया है कि राउंड-ट्रिप पैकेज की बुकिंग 14 अगस्त से शुरू होगी. पहले यात्रियों को आगे की यात्रा का टिकट बुक करना होगा और फिर कनेक्टिंग जर्नी फीचर का इस्तेमाल करते हुए वापसी का टिकट बुक किया जा सकेगा. वापसी की बुकिंग के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) का नियम लागू नहीं होगा.

किन शर्तों के साथ मिलेगा फायदा?

रेलवे की इस स्कीम का लाभ केवल कन्फर्म टिकटों पर ही मिलेगा. आगे और वापसी की यात्रा एक ही क्लास और एक ही Origin-Destination के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा ये टिकट नॉन-रिफंडेबल और नॉन-मॉडिफाएबल होंगे. पैकेज के तहत टिकट केवल ऑनलाइन या फिर रिजर्वेशन काउंटर से खरीदे जा सकते हैं.

किन ट्रेनों पर लागू है यह ऑफर?

यह ऑफर सभी क्लास और सभी ट्रेनों पर लागू होगा, यहां तक कि स्पेशल ट्रेनों पर भी. हालांकि, फ्लेक्सी फेयर वाली ट्रेनों में यह छूट नहीं मिलेगी. साथ ही इस छूट के साथ किसी अन्य कूपन, पास, कंसेशनल फेयर या डिस्काउंट को क्लब नहीं किया जा सकेगा.

त्योहारों पर जब ट्रेन टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है, रेलवे की यह स्कीम यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. खासकर उन परिवारों के लिए जो लंबे अवकाश में एक साथ सफर करने की योजना बना रहे हैं.

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

View full profile

Recommended Articles