Smartphone को हर इतने दिन पर जरूर कर लें रीस्टार्ट, ज्यादातर लोग जाते हैं भूल, स्पीड और परफॉर्मेंस पर दिखेगा असर
फोन रीस्टार्ट करने से RAM खाली होती है और परफॉर्मेंस बेहतर होती है.
सप्ताह में एक बार स्मार्टफोन रीस्टार्ट करना एक्सपर्ट्स बेहतर मानते हैं.
बार-बार हैंग या नेटवर्क समस्या होने पर तुरंत फोन रीस्टार्ट करें.
स्मार्टफोन को रीस्टार्ट करना एक छोटा सा काम लगता है, लेकिन यह आपके फोन की परफॉर्मेंस पर बड़ा असर डाल सकता है. आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग या मैसेजिंग का साधन नहीं रह गया है. बैंकिंग, ऑफिस का काम, मनोरंजन और ऑनलाइन पेमेंट समेत लगभग हर काम इसी से होता है. ज्यादातर लोग हर रात फोन चार्ज करते हैं, लेकिन उसे रीस्टार्ट करना अक्सर भूल जाते हैं. जबकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक नियमित रूप से फोन रीस्टार्ट करना उसकी स्पीड और परफॉर्मेंस को बेहतर बनाए रखता है.
Surveyस्मार्टफोन रीस्टार्ट करना क्यों जरूरी है?
जब आपका फोन कई दिनों या हफ्तों तक लगातार चालू रहता है, तो बैकग्राउंड में चल रहे ऐप्स, सिस्टम प्रोसेस और विजेट्स लगातार RAM का इस्तेमाल करते रहते हैं. इससे फोन धीरे-धीरे स्लो होने लगता है. शुरुआत में इसका असर महसूस नहीं होता, लेकिन समय के साथ ऐप्स फ्रीज होने लगते हैं, फोन हैंग करने लगता है और ओवरऑल परफॉर्मेंस पहले जैसी नहीं रहती.

फोन रीस्टार्ट करने के फायदे
फोन को नियमित रूप से रीस्टार्ट करने पर कई फायदे मिलते हैं. इससे RAM खाली हो जाती है और बैकग्राउंड में चल रहे गैरजरूरी ऐप्स बंद हो जाते हैं. अस्थायी सॉफ्टवेयर बग और छोटी-मोटी गड़बड़ियां दूर हो जाती हैं. ऐप्स के बार-बार क्रैश होने या फ्रीज होने की समस्या कम हो सकती है. कई बार नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ी दिक्कतें भी ठीक हो जाती हैं. साथ ही बैटरी पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होता है क्योंकि बैकग्राउंड में चल रहे अनावश्यक प्रोसेस बंद हो जाते हैं.
एक साधारण रीस्टार्ट फोन को नए सिरे से शुरू होने का मौका देता है और कई छोटी समस्याओं को बिना किसी अतिरिक्त सेटिंग बदले ही ठीक कर देता है.
कितने दिन में एक बार फोन रीस्टार्ट करना चाहिए?
अगर आप फोन का इस्तेमाल सिर्फ कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया के लिए करते हैं, तो सप्ताह में एक बार रीस्टार्ट करना काफी है. वहीं अगर आप लगातार गेम खेलते हैं, वीडियो एडिटिंग करते हैं या लंबे समय तक भारी ऐप्स इस्तेमाल करते हैं, तो हर दो या तीन दिन में एक बार फोन रीस्टार्ट करना बेहतर माना जाता है.

इन परिस्थितियों में तुरंत रीस्टार्ट करें
अगर आपका फोन अचानक बहुत स्लो हो जाए, ऐप्स बार-बार बंद होने लगें, Wi-Fi या मोबाइल डेटा बार-बार डिस्कनेक्ट हो, फोन बिना वजह ज्यादा गर्म होने लगे, नोटिफिकेशन आना बंद हो जाएं या आपने हाल ही में कोई बड़ा सॉफ्टवेयर या सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल किया हो, तो तुरंत फोन रीस्टार्ट करना चाहिए. अगर आपको याद ही नहीं कि आखिरी बार फोन कब रीस्टार्ट किया था, तब भी एक बार रीस्टार्ट करना अच्छा रहेगा.
क्या हर दिन फोन रीस्टार्ट करना जरूरी है?
हर दिन फोन रीस्टार्ट करने की जरूरत नहीं होती. ज्यादातर यूजर्स के लिए सप्ताह में एक बार फोन रीस्टार्ट करना पर्याप्त है. हालांकि इसे अपनी नियमित आदत बना लेने से फोन लंबे समय तक तेज, स्मूथ और बेहतर तरीके से काम करता रहता है.
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
