ग्राहकों को चुना लगा गई Streambox Media की DOR! क्या इस तरह की सेवाओं पर भरोसा करना सही?
आज से लगभग 8 महीने पहले, Streambox Media ने भारत में एक अनूठी सेवा शुरू की थी, इसे कंपनी ने Dor TV, देश का पहला सब्सक्रिप्शन-बेस्ड स्मार्ट टीवी मॉडल कहा था। इस टीवी और इसकी सेवाओं ने लॉन्च के समय खूब सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब, मई 2025 से कंपनी ने भारत में अपनी सभी सेवाएं आधिकारिक रूप से बंद कर दी हैं। Streambox Media की वेबसाइट पर एक संक्षिप्त मैसेज "Public Announcement: Discontinuation of DOR Services" के साथ यह घोषणा की गई कि Dor TV की सब्सक्रिप्शन सेवाएं और Dor Play ऐप बंद हो चुके हैं। इस खबर ने उन सभी ग्राहकों को चिंता में डाल दिया है, जिन्होंने इस टीवी और सेवा में निवेश किया था। आइए, इस मामले को विस्तार से समझते हैं और यह भी जानते हैं कि क्या नई कंपनियों पर भरोसा करना सही निर्णय है, या ये लूटने का एक धंधा बन चुका है?
Dor TV की सेवाएं बंद: अब क्या करेंगे ग्राहक?
Streambox Media ने मई 2025 में भारत में अपनी सभी सेवाएं बंद करने की घोषणा की है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर एक नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया कि:
सेवाएं बंद: Dor TV की सब्सक्रिप्शन सेवाएं, Dor Play ऐप, और कस्टमर सपोर्ट पूरी तरह बंद हो चुके हैं।
वारंटी खत्म: टीवी की चार साल की वारंटी अब मान्य नहीं है।
स्मार्ट टीवी का उपयोग: ग्राहक अपने Dor TV को नॉर्मल स्मार्ट टीवी की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन कोई सॉफ्टवेयर अपडेट, OTT सब्सक्रिप्शन्स, या लाइव चैनल्स का एक्सेस नहीं मिलेगा।
सॉफ्टवेयर डाउनलोड: कंपनी ने टीवी मॉडल के लिए सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने की सुविधा दी है, जिसे ग्राहक मैन्युअली इंस्टॉल कर सकते हैं। इसके लिए कुछ चरण वेबसाइट पर दिए गए हैं, लेकिन यह प्रक्रिया तकनीकी रूप से जटिल हो सकती है।
रिफंड पर असमंजस: कंपनी ने रिफंड पॉलिसी या ग्राहकों के पहले से चुकाए गए पैसे (upfront कॉस्ट और मासिक शुल्क) के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
X पर कई यूजर्स ने इसे "scam" करार दिया है। जाहिर है कि कंपनी के इस निर्णय के बाद से ग्राहकों में गुस्सा है। ग्राहक अब क्या ही करने वाले हैं, उन्हें जो नुकसान हुआ है, इसे लेकर कोई जानकारी स्पष्ट तौर पर सामने नहीं आई है। अब इतना ही है, ग्राहक कंपनी की किसी भी सेवा को इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
Dor TV की सेवाएं और फीचर्स
Dor TV को Streambox Media ने Micromax Informatics, Zerodha के सह-संस्थापक Nikhil Kamath, Stride Ventures के सपोर्ट में लॉन्च किया था। इस लॉन्च ईवेंट में Rahul Sharma भी मौजूद थे। यह भारत का पहला "TV-as-a-service" मॉडल था, जिसमें हार्डवेयर और कंटेंट एक सिंगल सब्सक्रिप्शन में शामिल थे। इस सेवा के कुछ फीचर यहाँ देखे जा सकते हैं:
4K QLED डिस्प्ले
43-इंच, 55-इंच, और 65-इंच मॉडल्स (कंपनी 43-इंच टीवी दे रही थी, जबकि 55-इंच और 65-इंच की लॉन्चिंग 2025 की शुरुआत होने वाली थी)। इसके अलावा यह 4K Ultra HD रेजोल्यूशन, HDR10+, और Dolby Audio के साथ 40W डाउन-फायरिंग स्पीकर्स से भी लैस थे।
DorOS ऑपरेटिंग सिस्टम
Android 13-आधारित DorOS, जो AI-बेस्ड पर्सनलाइज्ड कंटेंट रिकमंडेशन्स और सिंगल साइन-ऑन प्रदान करता था। इसके अलावा इस सेवा में 24+ OTT ऐप्स (Prime Video, Disney+ Hotstar, JioCinema, SonyLIV, Zee5, आदि) और 300+ लाइव टीवी चैनल्स का एक्सेस भी दिया जा रहा था।
सब्सक्रिप्शन मॉडल
- TV और Subscription कॉस्ट: 43-इंच मॉडल के लिए ₹10,799 (जिसमें पहला महीना शामिल)।
- मासिक शुल्क: 799 रुपये/महीना, पहले 12 महीनों के लिए। इसके बाद कंपनी आपको कस्टमाइज़्ड प्लान्स देने वाली थी।
- बायबैक ऑफर: 12 महीने बाद टीवी वापस करने पर ₹5,000 तक का रिफंड।
- वारंटी: 4 साल की वारंटी और 4 DorOS अपडेट्स का वादा।
- अगर मासिक शुल्क नहीं दिया जाता, तो टीवी लॉक हो जाता था।
सेवाएं बंद होने का ग्राहकों पर प्रभाव
Streambox Media के इस अचानक बंद होने से ग्राहकों को कई नुकसान हुए हैं:
पैसे का नुकसान: 10,799 रुपये और 799 रुपये/महीना (11 महीनों के लिए, कुल ₹8,789) का भुगतान करने वाले ग्राहकों को रिफंड की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
वारंटी और सपोर्ट खत्म: 4 साल की वारंटी अब अमान्य है, और कस्टमर सपोर्ट बंद होने से टीवी में खराबी की स्थिति में कोई मदद नहीं मिलेगी।
सीमित उपयोगिता: टीवी को केवल नॉर्मल स्मार्ट टीवी के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन DorOS की विशेष सुविधाएं (OTT, लाइव चैनल्स, AI रिकमंडेशन्स) उपलब्ध नहीं हैं।
सॉफ्टवेयर डाउनलोड की जटिलता: कंपनी ने सॉफ्टवेयर डाउनलोड का ऑप्शन दिया है, लेकिन यह तकनीकी रूप से कम जानकार यूजर्स के लिए मुश्किल हो सकता है।
अब ग्राहकों के इस पैसे का क्या होगा?
सेवा बंद होने के बाद से जाहिर है कि ग्राहकों को इन सेवाओं का कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है कि आखिर जिन भी ग्राहकों ने इस कंपनी को लंबे समय के लिए पैसा दिया था, उसका अब क्या होने वाला है? क्या कंपनी इस पैसे को वापिस देगी? या ग्राहकों के साथ धोखा करने का मुआवजा भी कंपनी को देना चाहिए? यह सवाल इस समय सबसे ज्यादा गर्म है।
क्या नई कंपनियों पर भरोसा करना सही है?
Dor TV की विफलता नई टेक कंपनियों और उनके इनोवेटिव प्रोडक्ट्स पर भरोसा करने के बारे में कई सवाल उठाती है। असल में, उसे अगर लूट कहें तो गलत नहीं होगा। अचानक ही अपनी सेवाओं को बंद कर देना ग्राहकों के साथ खिलवाड़ है और उनकी मेहनत की कमाई पर सेंध लगाने जैसा है। हो सकता है कि कोई भी नई सेवा और खासतौर पर इस तरह की DOR आदि सेवा शुरुआत में अपने लुभावने ऑफर के साथ आपको अपनी ओर आकर्षित कर ले। मुझे Freedom 251 का 251 रुपये की कीमत में आने वाला फोन भी याद है। इस कारण आपको इस तरह के झांसे में न आकर कंपनी को बाजार में कुछ समय के लिए देख लेना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो जैसा DOR सेवा को इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के साथ हुआ, वह आपके साथ भी हो सकता है।