ठंड शुरू होते ही बंद करने जा रहे कूलर? इन बातों का रखें ख्याल, भूलकर भी न करें ये गलती
दिवाली खत्म हो गई है. अब सर्दी का मौसम भी धीरे-धीरे आ रहा है. ऐसे में कूलर-पंखे रखे जा रहे हैं. अब इनको दोबारा अगले साल गर्मी में निकाला जाएगा. लेकिन, क्या आप भी दूसरे लोगों की तरह कूलर को सीधे पैक करके रख देते हैं? ऐसा ना करें. आप थोड़ी मेहनत से अगले साल काफी पैसे बचा सकते हैं.
कूलर को रखने से पहले आप कुछ बातों का ध्यान रखेंगे तो गर्मी में आपको इसको ठीक करवाने के लिए किसी मैकेनिक की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके अलावा कूलर की परफॉर्मेंस भी टॉप क्लास रहेगी. चलिए आपको बताते हैं कूलर को रखने से पहले कौन से टिप्स अपनाने चाहिए.
कूलर का पानी स्टोरेज करें खाली
कूलर रखने से पहले उसमें जमा सारा पानी निकाल दें. आप अच्छे से कूलर के स्टोरेज में चेक कर लें पानी बचा तो नहीं है. अगर बचा है तो उसे बाहर निकाल दें. जमा पानी कूलर में फंगस और बैक्टीरिया पैदा कर सकता है जो बाद में हेल्थ संबंधित दिक्कतों का कारण बन सकता है. इसके अलावा इससे बदबू की भी दिक्कत हो सकती है.
अगर आपके कूलर के ब्लैड पर धूल जमा हैं तो उसको भी साफ कर दें. इसके अलावा कोशिश करें वह सूखा रहे. साथ में आप कूलिंड पैड्स को भी अच्छे से साफ करके सूखा लें. कूलर की टंकी में आप अच्छे क्लीनर का इस्तेमाल कर उसको बैक्टीरिया फ्री रख सकते हैं.
पावर केबल और स्विच जरूर करें चेक
इसके अलावा आप कूलर के पावर केबल और स्विच को भी चेक कर लें. अगर आपको पावर केबल या स्विच में कोई दिक्कत दिखती है तो उसको इस साल ही ठीक करवा लें. ताकि आपको बाद में ज्यादा परेशानी ना झेलना पड़ें.
जगह का भी रखें ध्यान
कूलर को रखने से पहले उसको अच्छे से ढक दें. आप चाहे तो इसको प्लास्टिक कवर से ढक सकते हैं. इससे चूहे भी इसको नुकसान नहीं पहुंचा सकते हैं. कूलर के बॉडी को भी इससे नुकसान नहीं होता है. इसको किसी सूखे और हवा वाली जगह पर रखें ताकि नमी की वजह से कूलर में जंग ना लगे.