3 ब्लेड vs 5 ब्लेड कूलर: कौन-सा वाला आपके रूम को बना देगा ‘शिमला’, नया खरीदने का है प्लान तो जान लें बारीकी
तेज गर्मी शुरू हो चुकी है और बाजार में एयर कूलर की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. लेकिन कूलर खरीदते समय एक छोटी सी चीज जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, वही बाद में परेशानी बन जाती है. कई लोग यह मान लेते हैं कि 3 ब्लेड और 5 ब्लेड वाले कूलर में कोई खास फर्क नहीं होता, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. दोनों अलग जरूरतों के हिसाब से बनाए जाते हैं और गलत चुनाव करने पर कूलिंग वैसी नहीं मिलती जैसी आप उम्मीद करते हैं.
Survey3 या 5 ब्लेड: कौन-सा बेहतर?
असल फर्क एयरफ्लो और इस्तेमाल के तरीके में है. अगर आपको दूर तक ठंडी हवा चाहिए, तो 3 ब्लेड वाला कूलर बेहतर रहता है. वहीं अगर आप चाहते हैं कि कमरे में शांति रहे और हवा लगातार और स्मूद तरीके से फैले, तो 5 ब्लेड वाला कूलर ज्यादा सही विकल्प होता है. दोनों का काम एक जैसा लगता है, लेकिन हवा देने का तरीका पूरी तरह अलग होता है.
कूलर कहां रखा जाएगा, यह सबसे बड़ा फैक्टर है. अगर कूलर आपके पास ही रखा है, जैसे बेडरूम या स्टडी में, तो 5 ब्लेड वाला कूलर बेहतर रहेगा क्योंकि यह बिना ज्यादा आवाज किए पूरे कमरे में आराम से ठंडी हवा फैलाता है. लेकिन अगर कूलर दूर रखा है, जैसे खिड़की के पास या कमरे के एक कोने में, और आप चाहते हैं कि हवा पूरे घर में पहुंचे, तो 3 ब्लेड वाला कूलर ज्यादा काम का साबित होता है.
3 ब्लेड वाले कूलर की खासियत
3 ब्लेड वाले कूलर की खास बात इसकी तेज हवा है. इसमें ब्लेड कम होते हैं, इसलिए मोटर तेजी से घूमती है और हवा को ज्यादा ताकत के साथ दूर तक फेंकती है. यही वजह है कि बड़े कमरे, हॉल या पूरे फ्लोर को ठंडा करने के लिए यह ज्यादा असरदार होता है.
5 ब्लेड वाले कूलर की खासियत
वहीं 5 ब्लेड वाला कूलर थोड़ा अलग तरीके से काम करता है. इसमें ब्लेड ज्यादा होते हैं और उनके बीच दूरी कम होती है, जिससे हवा छोटे-छोटे हिस्सों में कटकर बाहर आती है. इसका फायदा यह होता है कि हवा एकदम स्मूद और लगातार मिलती है, न कि झोंकों में. इसका अनुभव तेज हवा जैसा नहीं बल्कि हल्की ठंडी हवा जैसा होता है, जो लंबे समय तक बैठने के लिए ज्यादा आरामदायक लगता है. इसलिए बेडरूम या पढ़ाई वाले कमरे के लिए यह बेहतर माना जाता है.
बिजली खपत
बिजली खपत की बात करें तो दोनों में कोई बड़ा फर्क नहीं है, लेकिन अगर तुलना करें तो 3 ब्लेड वाला कूलर थोड़ा ज्यादा एफिशिएंट होता है. इसमें ब्लेड कम होने की वजह से मोटर पर कम दबाव पड़ता है और यह कम friction के साथ घूमती है, जिससे बिजली की खपत थोड़ी कम हो जाती है.
सीधी बात यह है कि कूलर खरीदते समय सिर्फ कीमत या ब्रांड देखकर फैसला लेना गलती है. आपको यह समझना होगा कि आपको तेज और दूर तक जाने वाली हवा चाहिए या फिर शांत और लगातार कूलिंग. उसी हिसाब से 3 ब्लेड या 5 ब्लेड वाला कूलर चुनना सही फैसला होगा.
यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना
Sudhanshu Shubham
सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं. View Full Profile