अरे वाह! PF पासबुक से लेकर EPFO की हर डिटेल अब DigiLocker पर भी उपलब्ध, पलक झपकते होगा काम
EPFO की सेवाएं अब DigiLocker ऐप पर भी उपलब्ध हैं।
UAN अब UMANG ऐप के ज़रिए फेस स्कैन से आसानी से एक्टिवेट किया जा सकता है।
ELI योजना का लाभ लेने के लिए UAN एक्टिवेशन और आधार-बैंक लिंकिंग जरूरी है।
एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) ने अपने मेंबर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा अपडेट जारी किया है. अब EPFO की महत्वपूर्ण सेवाएं DigiLocker ऐप पर भी उपलब्ध हैं. Android यूजर्स कहीं भी और कभी भी अपने स्मार्टफोन के जरिए PF बैलेंस, पासबुक, UAN कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (PPO), और स्कीम सर्टिफिकेट जैसे ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स को डिजिटल रूप से एक्सेस कर सकते हैं.
पहले केवल UMANG ऐप पर थी सुविधा
अब तक EPFO से जुड़ी कई सेवाएं सिर्फ UMANG ऐप के माध्यम से ही उपलब्ध थीं. लेकिन 17 जुलाई 2025 को EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के ज़रिए जानकारी दी कि Android यूज़र्स अब DigiLocker ऐप का इस्तेमाल कर PF से जुड़ी जानकारी भी देख सकते हैं. हालांकि iPhone यूजर्स को अभी UMANG ऐप पर ही निर्भर रहना होगा क्योंकि यह अपडेट फिलहाल केवल Android प्लेटफॉर्म के लिए उपलब्ध है.
UAN एक्टिवेशन का नया तरीका
EPFO ने 18 जुलाई को एक और अपडेट में यह जानकारी साझा की कि अब UMANG ऐप के ज़रिए UAN (Universal Account Number) को फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से वेरिफाई और एक्टिवेट किया जा सकता है. यह नई प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, आसान और सुरक्षित है, जिससे यूजर्स को लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: असली कहानी, गैंगस्टर्स और ट्विस्ट का खजाना हैं ओटीटी की ये 5 क्राइम सीरीज, सब की सब एक ही ओटीटी पर मौजूद
ELI योजना में UAN क्यों है ज़रूरी?
UAN एक्टिवेशन न केवल EPFO की सेवाओं के लिए आवश्यक है, बल्कि यह Employment Linked Incentive (ELI) योजना का लाभ उठाने के लिए भी जरूरी है. इस योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया है, जिसका उद्देश्य चार करोड़ युवाओं को स्किल ट्रेनिंग और रोजगार देना है. इस योजना के लिए सरकार ने 2 लाख करोड़ रुपए का बजट तय किया है.
EPFO की मेंबर्स को जरूरी सलाह
EPFO ने अपने सभी मेंबर्स से आग्रह किया है कि वो जल्द से जल्द अपना UAN एक्टिवेट करें और आधार को अपने बैंक खाते से लिंक करें. इससे न केवल EPFO की डिजिटल सेवाएं आसान होंगी, बल्कि ELI जैसी योजनाओं का लाभ भी बिना किसी अड़चन के मिल सकेगा. अगर UAN एक्टिवेट नहीं है, तो आपको कई ज़रूरी सेवाओं तक पहुंच नहीं मिलेगी.
UMANG ऐप के ज़रिए UAN एक्टिवेट करने की प्रक्रिया:
- UMANG ऐप डाउनलोड करें और इसे अपने मोबाइल डिवाइस पर इंस्टॉल करें.
- ऐप खोलें और 'EPFO' सेक्शन में जाएं.
- 'UAN Activation' विकल्प पर टैप करें.
- अब अपना UAN नंबर, पूरा नाम, जन्मतिथि और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भरें.
- ‘Get OTP’ पर क्लिक करें, OTP दर्ज करें और आगे बढ़ें.
- इसके बाद 'Face Authentication' विकल्प को चुनें.
- कैमरा ऑन होगा – स्क्रीन पर बताए गए अनुसार अपना चेहरा स्कैन करें.
- स्कैनिंग और वेरिफिकेशन के बाद UAN एक्टिवेट हो जाएगा.