भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Airtel ने अपने 84 दिनों की वैलिडिटी वाले प्रीपेड प्लान की कीमतों में चुपचाप बदलाव कर दिया है। पहले 700 से 900 रुपये के बीच के सेगमेंट में कंपनी के पास दो प्लान मौजूद थे, जिनमें से एक 799 रुपये का और दूसरा 859 रुपये का था। इन प्लान्स में अलग-अलग सर्कल या यूजर के हिसाब से 1.5GB और 2GB प्रतिदिन डेटा और 77 और 84 दिनों की वैलिडिटी मिलती थी। अब रिपोर्ट्स के अनुसार 799 रुपये वाला प्लान हटा दिया गया है, जबकि 859 रुपये वाले ट्रूली अनलिमिटेड प्लान की कीमत बढ़ाकर 899 रुपये कर दी गई है।
899 रुपये वाले नए ट्रूली अनलिमिटेड प्रीपेड प्लान में यूजर्स को 84 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग (लोकल, एसटीडी और रोमिंग), प्रतिदिन 100 SMS और हर दिन 1.5GB डेटा मिलता है। रोजाना तय डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 64 Kbps तक रह जाती है।
इस प्लान के साथ Airtel Rewards के तहत कुछ अतिरिक्त फायदे भी दिए जा रहे हैं। इसमें 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का एक्सेस, स्पैम कॉल और SMS से बचाव के लिए Airtel Spam Alerts, और हर 30 दिन में एक फ्री हेलोट्यून सेट करने की सुविधा शामिल है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि पहले 859 रुपये वाले प्लान में RewardsMini सब्सक्रिप्शन भी मिलता था, जिसके तहत हर महीने 80 रुपये तक का कैशबैक कमाने का मौका था। लेकिन अब 899 रुपये वाले नए प्लान में यह सुविधा दिखाई नहीं दे रही है। कंपनी ने इस बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, और फिलहाल यह लाभ Airtel की ऑनलाइन वेबसाइट पर भी नहीं दिख रहा।
इस बदलाव के बाद अगर कोई यूजर 84 दिनों की वैलिडिटी वाला डेली डेटा प्लान लेना चाहता है, तो अब सबसे सस्ता विकल्प 899 रुपये से शुरू होता है, जिसमें 1.5GB प्रतिदिन डेटा मिलता है। इसके बाद 929 रुपये का प्लान आता है, जिसमें 90 दिनों की वैलिडिटी के साथ समान डेटा बेनिफिट्स दिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: अप्रैल 2026 में 30000 रुपये से कम में आने वाले 5 शानदार इन्वर्टर AC, 50 डिग्री में भी कमरा रहेगा ‘चिल्ड’!