Tecno Spark 50S 5G को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। यह कंपनी की Spark 50 सीरीज का दूसरा स्मार्टफोन है, जो हाल ही में पेश किए गए Tecno Spark 50 5G के बाद आया है। नए फोन में 6,500mAh की बैटरी, 50MP का रियर कैमरा और MediaTek का प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाली HD+ डिस्प्ले मिलती है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को दो रैम और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में पेश किया है। इसकी बिक्री भारत में 20 अक्टूबर से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon के जरिए शुरू होगी।
Tecno Spark 50S 5G की भारत में शुरुआती कीमत 19,999 रुपये है। इस कीमत पर फोन का 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट उपलब्ध होगा। वहीं, इसके 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 22,999 रुपये रखी गई है। यह स्मार्टफोन 20 अक्टूबर से Amazon पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। कलर ऑप्शन की बात करें, तो ग्राहक इसे Burgundy Red और Breeze Blue रंगों में खरीद सकेंगे।
Tecno Spark 50S 5G एक डुअल-सिम स्मार्टफोन है, जो Android 16 पर काम करता है। इसमें 6.78 इंच की LCD टचस्क्रीन दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 720×1600 पिक्सल यानी HD+ है। डिस्प्ले 120Hz तक के रिफ्रेश रेट और 260ppi पिक्सल डेंसिटी को सपोर्ट करती है।
फोन की मजबूती के लिए MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह 1.5 मीटर तक की ऊंचाई से गिरने पर भी सुरक्षित रह सकता है। इसके अलावा, फोन IP64 रेटिंग के साथ आता है, जो धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा प्रदान करती है। कंपनी के मुताबिक, यह डिवाइस 20 सेंटीमीटर गहरे पानी में पांच मिनट तक रहने की स्थिति को भी झेल सकता है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में 6nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 6400 चिपसेट दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए Tecno Spark 50S 5G में एलईडी फ्लैश के साथ 50MP का सिंगल रियर कैमरा दिया गया है। इसका कैमरा एक हॉरिजॉन्टल, पिल के आकार वाले मॉड्यूल में मौजूद है। सेल्फी के लिए फोन में 8MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। बैटरी की बात करें, तो इस स्मार्टफोन में 6,500mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G LTE, Wi-Fi, Bluetooth, USB Type-C पोर्ट, 3.5mm ऑडियो जैक और GPS जैसे फीचर्स मिलते हैं। फोन का डाइमेंशन 168×79×8mm है और इसका वजन करीब 210 ग्राम है।
यह भी पढ़ें: Vivo S2 FE vs Motorola Edge 70 Pro: डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना