महंगाई का लगा तगड़ा करंट! Vivo के 9 फोन की कीमत में बढ़ोत्तरी, Nothing और Realme ने बढ़ाए भी दाम
AI मेमोरी संकट से फिर महंगे हुए स्मार्टफोन
Vivo, Nothing और Realme ने बढ़ाए दाम
Realme 16 Pro हुआ सस्ता, बाकी फोन महंगे
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग अब दुनियाभर की टेक कंपनियों पर भारी पड़ने लगी है. मेमोरी चिप्स की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब सीधे ग्राहकों की जेब पर दिख रहा है. स्मार्टफोन, लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ने के बाद अब Nothing, Vivo और Realme ने भी भारत में अपने कई स्मार्टफोन की कीमतों में इजाफा कर दिया है.
Surveyहाल ही में Apple ने MacBook और iPad की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की थी. अब Nothing, Vivo और Realme भी इसी राह पर चलते हुए अपने कई स्मार्टफोन मॉडल महंगे कर चुके हैं. अलग-अलग मॉडल के हिसाब से कीमतों में 1,000 रुपये से लेकर 7,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
Vivo के 9 स्मार्टफोन हुए महंगे
Vivo ने अपनी फ्लैगशिप X Series, प्रीमियम V Series, T Series और बजट Y Series के कई स्मार्टफोन्स की कीमतों में संशोधन किया है. सबसे बड़ी बढ़ोतरी Vivo X300 FE में देखने को मिली है.

इसके 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 79,999 रुपये से बढ़कर 86,999 रुपये हो गई है, जबकि 12GB + 512GB मॉडल अब 96,999 रुपये में मिलेगा, जो पहले 89,999 रुपये का था.
इसके अलावा Vivo V70 FE के अलग-अलग वेरिएंट 2,000 रुपये से 5,000 रुपये तक महंगे हुए हैं. वहीं Vivo T5x, Vivo T4 Lite, Vivo Y51 Pro, Vivo Y31 5G, Vivo Y21 5G, Vivo Y11 5G और Vivo Y05 की कीमतों में भी 2,000 रुपये से 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
Nothing Phone 4a Series भी हुई महंगी
Nothing ने भी अपनी Phone 4a Series की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. Nothing Phone 4a का बेस 8GB + 128GB वेरिएंट अब 39,999 रुपये में मिलेगा, जबकि इसकी लॉन्च कीमत 31,999 रुपये थी और पहले यह 37,999 रुपये में बिक रहा था. इसके 8GB + 256GB और 12GB + 256GB वेरिएंट भी क्रमशः 43,999 रुपये और 46,999 रुपये के हो गए हैं.

वहीं Nothing Phone 4a Pro के 8GB + 256GB मॉडल की कीमत बढ़कर 54,999 रुपये हो गई है. जबकि 12GB + 256GB वेरिएंट अब 59,999 रुपये में मिलेगा. Nothing के सह-संस्थापक और भारत प्रमुख Akis Evangelidis पहले ही बता चुके हैं कि पिछले साल की तुलना में मेमोरी चिप्स की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं, जिससे स्मार्टफोन की लागत पर बड़ा असर पड़ा है.
Realme ने बढ़ाए भी दाम, घटाए भी
Realme ने अपने तीन स्मार्टफोन मॉडल की कीमतों में बदलाव किया है. Realme 16 Pro Plus के सभी वेरिएंट अब 3,000 रुपये से 4,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं. इसका बेस वेरिएंट अब 49,999 रुपये में मिलेगा.वहीं Realme 16 के सभी वेरिएंट की कीमत में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
हालांकि कंपनी ने ग्राहकों को थोड़ी राहत भी दी है. Realme 16 Pro की कीमत में कटौती की गई है. इसका बेस वेरिएंट अब 37,999 रुपये में मिलेगा, जो पहले 39,999 रुपये का था. बाकी वेरिएंट की कीमत भी 2,000 रुपये से 3,000 रुपये तक कम की गई है.
क्यों बढ़ रहे हैं स्मार्टफोन के दाम?
विशेषज्ञों के मुताबिक AI डेटा सेंटरों के तेजी से विस्तार के कारण DRAM और NAND Flash जैसी मेमोरी चिप्स की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. बड़ी AI कंपनियां भारी मात्रा में इन चिप्स की खरीद कर रही हैं, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है और कीमतें तेजी से बढ़ी हैं.
इसी वजह से स्मार्टफोन कंपनियों के लिए उत्पादन लागत बढ़ गई है और अब वे इस अतिरिक्त खर्च का बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं. आने वाले महीनों में यदि मेमोरी चिप्स की कीमतों में राहत नहीं मिलती है, तो अन्य स्मार्टफोन ब्रांड भी अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं.
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
