स्मार्टवॉच और वियरेबल्स के लिए मशहूर Fire-Boltt अब भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एंट्री करने की तैयारी कर रहा है. Flipkart पर अपनी स्मार्टफोन सीरीज लॉन्च करने की पुष्टि करने के बाद कंपनी का पहला स्मार्टफोन Boltt Evo अब Geekbench बेंचमार्किंग वेबसाइट पर दिखाई दिया है. इस लिस्टिंग से फोन के प्रोसेसर, RAM और ऑपरेटिंग सिस्टम जैसी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं.
हालांकि कंपनी ने अभी तक लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन Geekbench पर लिस्टिंग से साफ संकेत मिल रहे हैं कि फोन जल्द ही भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है.
Geekbench के मुताबिक Fire-Boltt Boltt Evo में Unisoc T7250 प्रोसेसर दिया जाएगा. लिस्टिंग में इसका मदरबोर्ड कोडनेम ums9230_6h10 बताया गया है, जो इसी चिपसेट से जुड़ा है.
फोन का ऑक्टा-कोर प्रोसेसर छह एफिशिएंसी कोर (1.61GHz) और दो परफॉर्मेंस कोर (1.82GHz) के साथ आएगा. इसके अलावा स्मार्टफोन में Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम और करीब 4GB RAM मिलने की पुष्टि हुई है. Geekbench टेस्ट में फोन ने 440 सिंगल-कोर और 1470 मल्टी-कोर स्कोर हासिल किया है, जो बजट स्मार्टफोन सेगमेंट के हिसाब से सामान्य माना जा रहा है.
Unisoc T7250 चिपसेट पहले से ही OPPO A6c, POCO C71, Lava Bold N2 Pro और Realme C71 जैसे बजट स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल किया जा चुका है.
ऐसे में Boltt Evo से कॉलिंग, सोशल मीडिया, वेब ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और हल्की-फुल्की गेमिंग जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अच्छी परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है. हालांकि यह फोन हैवी गेमिंग या हाई-एंड टास्क के लिए नहीं होगा.
Fire-Boltt पहले ही पुष्टि कर चुका है कि उसकी नई स्मार्टफोन लाइनअप में Evo और Ace सीरीज शामिल होगी. कंपनी 4G और 5G दोनों सेगमेंट में फोन उतारेगी. सभी डिवाइस भारत में ही बनाए जाएंगे और Flipkart के जरिए बेचे जाएंगे.
रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी शुरुआती दौर में ₹20,000 से कम कीमत वाले दो से तीन स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है, जिनमें Unisoc प्रोसेसर का इस्तेमाल होगा.
भारतीय बजट स्मार्टफोन बाजार में पिछले कुछ महीनों में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है. Lava, POCO, Realme, OPPO जैसे ब्रांड पहले से मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं. वहीं Acer, Alcatel और घरेलू ब्रांड Ai+ भी इस सेगमेंट में वापसी कर चुके हैं.
ऐसे में Fire-Boltt के लिए सिर्फ कम कीमत ही काफी नहीं होगी. कंपनी को बेहतर सॉफ्टवेयर अपडेट, भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सर्विस और अपने स्मार्टवॉच व ऑडियो प्रोडक्ट्स के साथ मजबूत इकोसिस्टम भी देना होगा. अगर Boltt Evo आकर्षक कीमत पर लॉन्च होता है, तो यह पहली बार स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों और पुराने 4G फोन से अपग्रेड करने वालों के लिए एक अच्छा विकल्प बन सकता है.
यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra से पहले सरकार की बड़ी चेतावनी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रहा बड़ा स्कैम, ऐसे रहें सावधान