2 घंटे 34 मिनट की तमिल फिल्म, 136 करोड़ से ज्यादा कमाकर बनी सुपरहिट, अब OTT पर नंबर 1 ट्रेंडिंग

By

तमिल फिल्म ‘मंडाडी’ ने पहले सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींचा और अब ओटीटी पर भी इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। स्पोर्ट्स और एक्शन से भरपूर इस फिल्म ने Netflix पर स्ट्रीमिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद टॉप ट्रेंडिंग फिल्मों में अपनी जगह बना ली है। फिल्म को मिल रही लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह प्लेटफॉर्म की टॉप 10 लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंच गई है।

‘मंडाडी’ को 10 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। थिएटर में रिलीज होने के लगभग एक महीने बाद, 8 अक्टूबर से यह Netflix पर स्ट्रीम हो रही है। अब घर बैठे फिल्म देखने वाले दर्शकों के बीच भी इसका क्रेज बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Netflix पर नंबर 1 पर पहुंची ‘मंडाडी’

ओटीटी पर आने के बाद ‘मंडाडी’ को दर्शकों का अच्छा साथ मिल रहा है। फिल्म Netflix की टॉप 10 लिस्ट में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है। इसे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी देखा जा सकता है, जिससे अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों के लिए इसे देखना आसान हो गया है।

फिल्म को IMDb पर 10 में से 8.3 की रेटिंग मिली है। ओटीटी पर इसकी लोकप्रियता के बीच इसने परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ को भी पीछे छोड़ दिया है।

क्या है ‘मंडाडी’ की कहानी?

‘मंडाडी’ का निर्देशन माथिमरण पुगाझेंधी ने किया है। फिल्म में सूरी, सुहास और महिमा नाम्बियार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। इसकी कहानी रामेश्वरम के मछुआरा समुदाय की पारंपरिक नाव दौड़ से जुड़ी है, जिसमें खेल के साथ पुरानी रंजिश और सम्मान की लड़ाई भी देखने को मिलती है।

कहानी के केंद्र में काली (सूरी) और सट्टापुली (सुहास) हैं, जो कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। समय के साथ दोनों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ जाती है कि वे एक-दूसरे के सामने खड़े हो जाते हैं। कई साल बाद काली चेन्नई से अपने गांव वापस आता है। यहां वह कमजोर मानी जाने वाली टीम को नाव दौड़ के लिए तैयार करता है और समंदर की चुनौतीपूर्ण लहरों के बीच सट्टापुली को हराकर अपना खोया हुआ सम्मान हासिल करने की कोशिश करता है।

‘मंडाडी’ ने दुनियाभर में कितनी कमाई की?

कमाई के मामले में भी ‘मंडाडी’ ने अच्छा प्रदर्शन किया है। रिलीज के 35वें दिन तक फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 136.61 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

फिल्म ने भारत में 118.66 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि विदेशी बाजारों से 17.95 करोड़ रुपये आए। वहीं, भारत में इसका नेट कलेक्शन 101.85 करोड़ रुपये रहा। थिएटर में मजबूत कमाई के बाद अब Netflix पर नंबर 1 ट्रेंडिंग पोजीशन हासिल करना फिल्म की लोकप्रियता को और बढ़ा रहा है।

यह भी पढ़ें: OnePlus 16 vs OnePlus 15: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By