PhonePe वॉलेट इस्तेमाल न करने पर 100 रुपये का जुर्माना? सोशल मीडिया पर मची हलचल

By

देश की सबसे बड़ी और लोकप्रिय डिजिटल पेमेंट्स ऐप्स में से एक PhonePe ने हाल ही में एक ऐसा फीचर लॉन्च किया है जिस पर लाखों यूजर्स ने सवाल उठाने शुरु कर दिए हैं. यह फीचर आपके वॉलेट के इनएक्टिव होने पर आपको फाइन कर सकता है. कई यूजर्स ने कंपनी से आए इनएक्टिव वॉलेट के अलर्ट मैसेज को ऑनलाइन शेयर करते हुए इस फीचर पर कई सवाल उठाए.

लेकिन अगर ठंडे दिमाग से देखा जाए तो यह नया फीचर PhonePe की वॉलेट पॉलिसी में पहले से ही मौजूद था और लोगों को इसके बारे में तब पता चला जब इसके अलर्ट उनके स्मार्टफोन्स पर आने शुरु हुए. अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें इस फीचर के बारे में पहले से नहीं पता था तो इस आर्टिकल में आपको इस फीचर से संबंधित सारी जानकारी देखने को मिलेगी.

क्या आपका भी डिजिटल वॉलेट है खतरे में?

PhonePe के हेल्प पेज पर मौजूद जानकारी के हिसाब से एक वॉलेट तब इनएक्टिव माना जाता है जब उसे इस्तेमाल किए हुए यूजर को लगातार 365 दिन हो चुके हों. जैसे ही वॉलेट इनएक्टिव कैटेगरी में पहुंचता है वैसे ही कंपनी यूजर के वॉलेट पर इनएक्टिव चार्ज लगाने से पहले एक नोटिस भेजती है. यह इनएक्टिव चार्ज 100 रुपये का है और आपके वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस होने पर अपने आप ही कट जाता है.

कैसे आया यह फीचर सामने?

यूजर्स की इस परेशानी ने ऑनलाइन तब ज़ोर पकड़ा जब यूजर्स ने कंपनी से आए इनएक्टिव अलर्ट्स को जाने माने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट करना शुरु कर दिया. इन पोस्ट में यह कहा गया कि हर किसी के इनएक्टिव वॉलेट पर इनएक्टिव चार्ज लगने वाला है और उन्हें इस चार्ज से बचने के लिए अपने वॉलेट को इस्तेमाल करना चाहिए. इन पोस्ट और स्क्रीनशॉट्स की वजह से कई ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चर्चा शुरु हो गई.

इस परेशानी के बारे में जल्द ही Reddit पर भी पोस्ट और चर्चा होने लगी, जहां कुछ लोगों ने यह सलाह दी की इस चार्ज से बचने के लिए आपको अपने PhonePe वॉलेट को खाली कर देना चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से इस फीचर की जानकारी जल्द ही जगह-जगह शेयर होने लग गई.

यह भी पढ़ें: स्पैम या प्रोमोशनल कॉल-SMS नहीं करेंगे परेशान, DND ऐप हो गया उपलब्ध, मिलेंगे ये खास फीचर्स

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By