WhatsApp का गरदा फीचर, लगाने के बाद भी एडिट कर पाएंगे स्टेटस, यूजर्स को मिलेगा जबरदस्त फायदा

WhatsApp का गरदा फीचर, लगाने के बाद भी एडिट कर पाएंगे स्टेटस, यूजर्स को मिलेगा जबरदस्त फायदा

WhatsApp पर स्टेटस पोस्ट करने के बाद अगर आपको अचानक कोई टाइपो, गलत शब्द या छूटी हुई जानकारी दिखाई दे जाए तो फिलहाल आपके पास सिर्फ एक ही विकल्प होता है. पूरा स्टेटस डिलीट करें और फिर दोबारा अपलोड करें. लेकिन आने वाले समय में यह परेशानी खत्म हो सकती है. एक नई रिपोर्ट के मुताबिक WhatsApp एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स को स्टेटस पोस्ट होने के बाद भी उसका कैप्शन एडिट करने की सुविधा दे सकता है.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

WaBetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार यह फीचर हाल ही में WhatsApp के Android बीटा वर्जन में देखा गया है और फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है. अगर कंपनी इसे सभी यूजर्स के लिए जारी करती है, तो छोटी-मोटी गलतियों को सुधारने के लिए पूरा स्टेटस दोबारा पोस्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

स्टेटस पोस्ट होने के बाद भी बदल सकेंगे कैप्शन

अभी WhatsApp यूजर्स को फोटो और वीडियो स्टेटस के साथ कैप्शन जोड़ने की सुविधा देता है. हालांकि एक बार स्टेटस पब्लिश हो जाने के बाद उस कैप्शन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता.

नई रिपोर्ट बताती है कि WhatsApp इसी सीमा को खत्म करने की तैयारी कर रहा है. बीटा वर्जन में मिले संकेतों के मुताबिक यूजर्स को स्टेटस पोस्ट करने के बाद एक सीमित समय तक कैप्शन एडिट करने का मौका मिल सकता है.

जानकारी के अनुसार यह समय करीब 15 मिनट का हो सकता है. यानी स्टेटस शेयर करने के बाद यूजर स्पेलिंग की गलती सुधार सकेंगे, छूटी हुई जानकारी जोड़ सकेंगे या कैप्शन में जरूरी बदलाव कर सकेंगे.

क्यों उपयोगी साबित हो सकता है यह फीचर?

WhatsApp स्टेटस का इस्तेमाल अब सिर्फ निजी तस्वीरें शेयर करने तक सीमित नहीं रह गया है. लोग इसका उपयोग ट्रैवल अपडेट्स, पारिवारिक कार्यक्रमों, बिजनेस प्रमोशन, ऑफर्स और दैनिक जानकारियां साझा करने के लिए भी करते हैं.

ऐसे में एक छोटी सी टाइपो भी कई बार परेशानी का कारण बन जाती है. अभी गलती सुधारने के लिए पूरा स्टेटस हटाना पड़ता है, जिससे व्यूज और एंगेजमेंट पर भी असर पड़ सकता है.

अगर कैप्शन एडिट करने का विकल्प मिलता है, तो यूजर बिना स्टेटस हटाए तुरंत सुधार कर सकेंगे. खासकर बिजनेस अकाउंट्स, कंटेंट क्रिएटर्स और छोटे कारोबारियों के लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि उन्हें अक्सर समय-समय पर जानकारी अपडेट करनी पड़ती है.

स्टेटस फीचर में और भी बदलाव ला सकता है WhatsApp

रिपोर्ट्स के अनुसार Meta के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म स्टेटस अपडेट्स को और ज्यादा प्रमुख बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है. हाल के कुछ बीटा वर्जन में ऐसे संकेत मिले हैं कि कंपनी Chats टैब के भीतर स्टेटस इंटीग्रेशन को और मजबूत कर सकती है. इससे यूजर्स को स्टेटस देखने के लिए अलग Updates सेक्शन में जाने की जरूरत कम पड़ सकती है. कंपनी का उद्देश्य स्टेटस फीचर को ज्यादा उपयोगी और आसानी से एक्सेस करने योग्य बनाना बताया जा रहा है.

फिलहाल टेस्टिंग चरण में है फीचर

हालांकि यह फीचर अभी शुरुआती चरण में है और इसे सार्वजनिक बीटा टेस्टर्स तक भी नहीं पहुंचाया गया है. WhatsApp की ओर से भी इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. साथ ही यह जानकारी भी सामने नहीं आई है कि इसे सभी यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा.

फिलहाल यूजर्स को स्टेटस पोस्ट करने से पहले अपने कैप्शन को ध्यान से जांचना होगा, लेकिन अगर यह फीचर लॉन्च होता है तो स्टेटस एडिटिंग का अनुभव पहले से काफी आसान हो सकता है.

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile