आपके मरने के बाद भी बजते रहेंगे आपके फेवरेट गाने, Spotify ने कर दिया पूरा इंतजाम, अस्थि-कलश जैसा दिखता है ये खास स्पीकर
Spotify ने अपनी प्लेलिस्ट को “आफ्टरलाइफ” तक पहुंचाने का दावा कर दिया है. कंपनी ने पेय ब्रांड Liquid Death के साथ मिलकर दुनिया का पहला “म्यूजिक-स्ट्रीमिंग अर्न” लॉन्च किया है. इसका नाम Eternal Playlist Urn रखा गया है. यह एक Bluetooth-एनेबल्ड दाह संस्कार अस्थि-कलश है. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि आपके पसंदीदा गाने “हमेशा के लिए” चलते रहें यानी आपके मरने के बाद भी आपके पसंदीदा गाने बजते रहेंगे.
Surveyकुछ लोग इसे मृत्यु जैसे गंभीर विषय के व्यावसायीकरण के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन कंपनी का कहना है कि वह चाहती है कि लोग मौत के बाद भी “म्यूजिक और पर्सनल आइडेंटिटी” का आनंद ले सकें. आइए आपको Spotify के Eternal Playlist Urn के बारे में सबकुछ बताते हैं.
Spotify का Eternal Playlist Urn
Spotify का नया Eternal Playlist Urn एक लिमिटेड एडिशन प्रोडक्ट है और फिलहाल अमेरिका में उपलब्ध है. Spotify इसे “दुनिया का पहला वायरलेस स्पीकर जो आपके म्यूजिक को वहां ले जाए जहां वह पहले कभी नहीं गया” के रूप में पेश कर रहा है. दिखने में यह एक पारंपरिक सफेद दाह संस्कार अस्थि-कलश जैसा है, लेकिन इसके ढक्कन के अंदर एक छिपा हुआ स्पीकर लगाया गया है.
Eternal Playlist Urn: कीमत और फीचर्स
यह अजीब जरूर लगता है, लेकिन सस्ता बिल्कुल नहीं है. इसकी कीमत 495 डॉलर रखी गई है, जो लगभग 45,000 रुपये के बराबर है. हालांकि, कीमत ज्यादा है, फिर भी यह JBL या Sony जैसे प्रीमियम स्पीकर ब्रांड्स की श्रेणी में नहीं आता. इसमें Wi-Fi कनेक्टिविटी या वॉइस असिस्टेंट जैसी सुविधाएं नहीं दी गई हैं.
Spotify का यह अस्थि-कलश किसी भी Bluetooth-एनेबल्ड डिवाइस से कनेक्ट हो सकता है, जिससे यूजर सीधे अपनी प्लेलिस्ट स्ट्रीम कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, मालिक “किसी भी कंपेटिबल डिवाइस से कनेक्ट कर अपने पसंदीदा गाने हमेशा के लिए चला सकते हैं.” अभी इस प्रोडक्ट को लिमिटेड संख्या में बेचा जा रहा है और इसे कलेक्टर्स आइटम के रूप में पेश किया गया है.
डिजाइन और फीचर्स डिटेल्स
कंपनी के अनुसार, इस अस्थि-कलश का बॉडी 2.4 पाउंड सफेद पॉलिएस्टर रेजिन से बना है. इसके हटाने योग्य ढक्कन में स्पीकर, USB-C चार्जिंग पोर्ट और एक छोटा नीला इंडिकेटर लाइट दी गई है. हालांकि यह एक सामान्य दाह संस्कार अस्थि-कलश जैसा दिखता है, लेकिन कंपनी इसे पारंपरिक अस्थि-कलश की तुलना में ज्यादा एक नॉवेल्टी प्रोडक्ट के रूप में पेश कर रही है. कुल मिलाकर सिर्फ 150 यूनिट्स ही जारी की गई हैं.
Eternal Playlist Generator भी लॉन्च
हार्डवेयर के साथ-साथ Spotify ने Eternal Playlist Generator नाम का एक डिजिटल टूल भी पेश किया है. यह टूल फिलहाल अमेरिका में Spotify यूजर्स के लिए उपलब्ध है. इस टूल के जरिए यूजर अपने “आफ्टरलाइफ साउंडट्रैक” बना सकते हैं. यूजर्स से कुछ हल्के-फुल्के सवाल पूछे जाते हैं, जैसे “आपकी शाश्वत वाइब क्या है?” या “आपकी पसंदीदा भूतिया आवाज क्या है?”
इन जवाबों और यूजर की सुनने की हिस्ट्री के आधार पर Spotify एक पर्सनलाइज्ड प्लेलिस्ट तैयार करता है, जिसे कंपनी “जिंदगी और उसके बाद के लिए उपयुक्त” बताती है. Spotify का कहना है कि ये प्लेलिस्ट दोस्तों के साथ शेयर की जा सकती हैं और जिनके पास यह अस्थि-कलश है, वे इसे सीधे इन-बिल्ट स्पीकर से सिंक भी कर सकते हैं, ताकि “अलग माहौल” तैयार हो सके.
ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26, S26+ और Ultra की भारत में कितनी है कीमत? खरीदने से पहले जान लीजिए एक-एक डिटेल्स
Sudhanshu Shubham
सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं. View Full Profile