Telegram के CEO का Reliance और WhatsApp पर गंभीर आरोप, कंपनी कर रही है BGP Hijacking, जानें क्या है ये
Telegram के CEO Pavel Durov ने Reliance और WhatsApp पर गंभीर आरोप लगाए हैं
टेलीकॉम उद्योग के सूत्रों ने इन आरोपों को गलत और भ्रामक बताया है
भारत में NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है
भारत में Telegram पर हुई कार्रवाई के बीच कंपनी के संस्थापक और CEO Pavel Durov ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि Reliance Group (RCOM) और WhatsApp से जुड़े हित Telegram के खिलाफ काम कर सकते हैं. Durov ने यह भी आरोप लगाया कि एक भारतीय टेलीकॉम कंपनी Telegram की सेवाओं को भारत के बाहर भी प्रभावित कर रही है.
Surveyयह बयान ऐसे समय आया है जब भारत में NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है और प्लेटफॉर्म को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है.
Pavel Durov ने X पर लगाए गंभीर आरोप
Pavel Durov ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए दावा किया कि भारतीय टेलीकॉम कंपनी Reliance Communications कथित तौर पर BGP Hijacking नाम के तकनीक का इस्तेमाल कर Telegram की कनेक्टिविटी में बाधा डाल रही है.
Indian telecom Reliance is sabotaging access to Telegram for millions of users OUTSIDE India (including the UAE) via a rogue method called BGP hijacking.
— Pavel Durov (@durov) June 16, 2026
The sabotage seems intentional, as Reliance has ignored multiple reports.
This may be part of a competitive war, as…
उनका कहना है कि इस वजह से भारत के बाहर मौजूद लाखों यूजर्स भी प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों के यूजर्स शामिल हैं. Durov ने दावा किया कि कंपनी को इस संबंध में कई रिपोर्ट भेजी गईं, लेकिन कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने कहा कि यह किसी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा का हिस्सा हो सकता है.
WhatsApp और Meta को लेकर भी उठाए सवाल
Telegram प्रमुख ने अपने बयान में कहा कि Reliance और WhatsApp से जुड़े हित Telegram के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा यदि Telegram पर भारत में प्रतिबंध लगाने के प्रयासों के पीछे भी यही ताकतें हों.
हालांकि Durov ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक तकनीकी सबूत पेश नहीं किया है. उनके बयान के बाद यह मामला तकनीकी और कारोबारी जगत में चर्चा का विषय बन गया है.
टेलीकॉम उद्योग ने आरोपों को बताया भ्रामक
एक मीडिया रिपोरेट के अनुसार, दूसरी तरफ टेलीकॉम उद्योग से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. सूत्र का कहना है कि Pavel Durov ने Reliance Communications और Reliance Industries Limited की डिजिटल इकाई Jio को लेकर भ्रम पैदा किया है.
सूत्र के अनुसार Reliance Communications और Jio अलग-अलग कंपनियां हैं और दोनों का संचालन भी अलग तरीके से होता है. सूत्र ने आरोप लगाया कि दोनों कंपनियों को जोड़कर पेश करना या तो क्षेत्र की समझ की कमी दर्शाता है या फिर गलत जानकारी फैलाने की कोशिश है.
Telegram पर क्यों हुई भारत में कार्रवाई?
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब भारत सरकार ने Telegram के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. सरकार ने कथित पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी भ्रामक गतिविधियों को देखते हुए Google और Apple को Telegram को अपने ऐप स्टोर से अस्थायी रूप से हटाने का निर्देश दिया है. यह व्यवस्था 22 जून तक लागू रहने की बात कही गई है.
इसके अलावा Telegram के Message Editing फीचर को भी 30 जून तक सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों का मानना है कि इस फीचर का इस्तेमाल पुराने मैसेज में बदलाव कर पेपर लीक से जुड़े कथित फर्जी सबूत तैयार करने के लिए किया जा सकता है.
NEET-UG री-एग्जाम के बीच बढ़ा विवाद
21 जून को होने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले Telegram को लेकर विवाद और गहरा गया है. एक तरफ भारतीय एजेंसियां परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए कार्रवाई कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ Telegram के CEO इन कदमों के पीछे प्रतिस्पर्धी कंपनियों के प्रभाव की आशंका जता रहे हैं.
फिलहाल Durov के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की ओर से इन दावों को खारिज किया गया है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला और चर्चा में रह सकता है.
यह भी पढ़ें: भारत में Telegram बैन! इस दिन तक नहीं कर पाएंगे इस्तेमाल यूजर्स, NEET एग्जाम को देखते हुए लिया गया फैसला
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
