आधी रात को घनघनाया पीएम मोदी का फोन..सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम पर रोक, जानें NDMA ने क्यों लिया ये फैसला

आधी रात को घनघनाया पीएम मोदी का फोन..सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम पर रोक, जानें NDMA ने क्यों लिया ये फैसला

भारत सरकार ने हाल ही में शुरू किए गए Cell Broadcast System (CBS) को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया है. यह देशभर में आपदा और आपातकालीन स्थितियों के दौरान लोगों तक तुरंत चेतावनी पहुंचाने के लिए लॉन्च किया गया था. लेकिन लॉन्च के करीब एक महीने बाद ही इसे 12 जून से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की ओर से 12 जून को जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम अधिकारियों द्वारा उठाई गई कुछ चिंताओं के कारण इस सेवा को फिलहाल रोकने का फैसला लिया गया है. हालांकि आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि आखिर किन कारणों से यह कदम उठाया गया.

क्या प्रधानमंत्री के नंबर पर पहुंचा अलर्ट बना वजह?

एक रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले के पीछे एक आपातकालीन अलर्ट मैसेज को वजह माना जा रहा है. बताया गया है कि आपदा चेतावनी से जुड़ा एक संदेश कथित तौर पर आधी रात को प्रधानमंत्री के संपर्क नंबर पर पहुंच गया था.

Cell Broadcast System के तहत भेजे जाने वाले अलर्ट काफी तेज आवाज के साथ आते हैं. खास बात यह है कि फोन साइलेंट मोड में होने पर भी यह अलर्ट बजता है और यूजर का ध्यान तुरंत खींचता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12 जून की रात हरियाणा और उत्तर प्रदेश की आपदा प्रबंधन इकाइयों की ओर से भेजे गए कुछ अलर्ट के कारण कई लोगों के फोन आधी रात को बज उठे थे.

क्या है Cell Broadcast System?

भारत सरकार ने मई 2026 में Cell Broadcast System को देश की आपदा चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लॉन्च किया था. यह तकनीक दुनिया के कई देशों में पहले से इस्तेमाल की जा रही है. इसका उद्देश्य भूकंप, बाढ़, चक्रवात, सुरक्षा खतरे और अन्य आपात स्थितियों के दौरान लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाना है.

सामान्य SMS की तुलना में Cell Broadcast System अधिक प्रभावी माना जाता है क्योंकि:

  • इसे इंटरनेट की जरूरत नहीं होती.
  • नेटवर्क भीड़भाड़ होने पर भी यह काम करता है.
  • लाखों लोगों तक एक साथ संदेश पहुंचा सकता है.
  • लोकेशन आधारित अलर्ट भेजे जा सकते हैं.
  • फोन स्क्रीन पर पॉप-अप नोटिफिकेशन दिखाई देता है.
  • तेज चेतावनी ध्वनि के साथ संदेश आता है.
  • कई डिवाइस पर संदेश को पढ़कर सुनाने की सुविधा भी होती है.

किन फोन में मिलता है यह अलर्ट?

CBS अलर्ट केवल उन्हीं स्मार्टफोन पर प्राप्त होते हैं जिनमें Cell Broadcast Test Channels सक्षम होते हैं. Android स्मार्टफोन में इसे इस तरह ऑन या ऑफ किया जा सकता है:

Settings > Safety & Emergency > Wireless Emergency Alerts > Test Alerts

हालांकि यह विकल्प सभी स्मार्टफोन में उपलब्ध नहीं होता और अलग-अलग ब्रांड में इसका नाम थोड़ा अलग हो सकता है.

आगे क्या होगा?

NDMA के अनुसार, यह फिलहाल एक एहतियाती कदम है और सेवा को अगले आदेश तक रोका गया है. प्राधिकरण ने कहा है कि संबंधित एजेंसियों के साथ तकनीकी और प्रक्रियागत समीक्षा की जा रही है. जांच पूरी होने और आवश्यक बदलाव किए जाने के बाद ही Cell Broadcast System को दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Jio के दो रिचार्ज प्लान, अंतर 80 रुपये, लेकिन किसमें मिलेगा ज्यादा फायदा? जानें सारी डिटेल्स

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile