Gold Silver Prices Today (15 May 2026): सोने में लगातार 5वें दिन तेज़ी, चांदी हुई सस्ती, ताज़ा रेट जानें

By

Gold Silver Prices Today (15 May 2026): पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गहनों की खरीदारी से जुड़ी अपील का असर अब सर्राफा बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को सोने की कीमतों में 8,808 रुपये का तेज उछाल देखने को मिला था, जबकि गुरुवार को बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा। शुक्रवार सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 25 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,62,003 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,61,978 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बता दें कि वायदा बाजार में 29 जनवरी को सोना अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा था।

वहीं अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में 24 कैरेट सोने का रेट 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दूसरी ओर इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार शुक्रवार सुबह तक सोने की कीमत 1,61,159 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। गुडरिटर्न्स वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,62,260 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमत बढ़कर 4,704.30 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई।

गुरूवार की सोने की कीमत

पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में रिकॉर्ड कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के कारण दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 650 रुपये बढ़कर 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले बुधवार को यह 1,65,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं वैश्विक बाजार में हाजिर सोने की कीमत हल्की मजबूती के साथ 4,704.30 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई।

आज की चांदी की कीमत

ईरान-अमेरिका तनाव और प्रधानमंत्री मोदी की गहनों की खरीदारी से बचने की अपील का असर चांदी के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। बुधवार को चांदी की कीमतों में 21,000 रुपये से ज्यादा की बड़ी छलांग लगी थी, लेकिन गुरुवार को इसमें 8,500 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह MCX पर चांदी का वायदा भाव 148 रुपये की बढ़त के साथ 2,91,250 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिन यह 2,91,102 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था। गौरतलब है कि इस साल 29 जनवरी को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड हाई बनाया था।

वहीं अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में चांदी का भाव 900 रुपये टूटकर 2,96,600 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमत गिरकर 87.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। IBJA के अनुसार शुक्रवार सुबह तक चांदी का भाव 2,87,193 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया, जबकि गुडरिटर्न्स के मुताबिक यह घटकर 3,00,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गया।

गुरुवार का चांदी का भाव

अगर पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो रुपये में कमजोरी और वैश्विक तनाव के बीच चांदी की लगातार तीन दिनों से जारी तेजी थम गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली बाजार में चांदी 900 रुपये सस्ती होकर 2,96,600 रुपये प्रति किलो रह गई। इससे पहले पिछले सत्र में इसका भाव 2,97,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 0.57 फीसदी की गिरावट के साथ 87.04 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By