The Family Man Season 4: कब लौटेंगे श्रीकांत तिवारी? जानिए रिलीज़ टाइमलाइन से लेकर कास्ट, प्लॉट और स्ट्रीमिंग डिटेल्स

By

फैंस लंबे समय से मनोज बाजपेयी से एक ही सवाल पूछ रहे हैं, श्रीकांत तिवारी की वापसी कब होगी? ‘द फैमिली मैन’ के चौथे सीजन को लेकर हाल ही में मनोज बाजपेयी ने बड़ा अपडेट दिया है। उनकी बातों से संकेत मिलता है कि राज और डीके की इस पॉपुलर सीरीज का अगला चैप्टर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। आइए सीरीज के अगले सीज़न को लेकर अब तक सामने आईं सभी डिटेल्स जानते हैं।

The Family Man Season 4 पर आया अपडेट

मनोज बाजपेयी ने बताया कि ‘द फैमिली मैन’ के चौथे सीजन को लेकर जल्द ही चर्चा शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद सीजन की स्क्रिप्ट पर काम किया जाएगा और स्क्रिप्ट तैयार होने के बाद स्टार कास्ट को शूटिंग से पहले की तैयारियों के लिए बुलाया जाएगा। एक्टर के मुताबिक, उन्हें अलग-अलग उम्र के फैंस लगातार इस शो की वापसी को लेकर सवाल करते रहते हैं।

Variety India के साथ बातचीत में मनोज बाजपेयी ने कहा, “बातचीत जल्द शुरू होगी। यह काफी खुशी की बात है कि यह फ्रेंचाइजी इतनी बड़ी बन चुकी है कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसके बारे में पूछता रहता है। जब चौथे सीजन को लेकर बातचीत शुरू होगी, तब स्क्रिप्ट को फाइनल किया जाएगा और इसके बाद हमें तैयारी शुरू करने और अपनी डेट्स देने के लिए बुलाया जाएगा।”

The Family Man Season 4 की रिलीज़ टाइमलाइन

सीरीज की रिलीज़ टाइमलाइन या डेट को लेकर अब तक कुछ भी पता नहीं चला है। न सिर्फ आधिकारिक, बल्कि कोई रूमर्ड जानकारी भी अब तक इसकी रिलीज़ टाइमलाइन की ओर इशारा करती नज़र नहीं आ रही।

क्या होगी The Family Man Season 4 की कहानी?

यह अपडेट ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीजन के रिलीज होने के बाद आया है। सीजन 3 में भी कहानी श्रीकांत तिवारी के इर्द-गिर्द रही, जो एक इंटेलिजेंस ऑफिसर के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों और निजी जिंदगी की परेशानियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। मनोज बाजपेयी शो की शुरुआत से ही श्रीकांत का किरदार निभा रहे हैं और यह कैरेक्टर उनकी पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है।

अब, ‘द फैमिली मैन’ के चौथे सीज़न में सीज़न 3 के अंत में छूट गए बड़े सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है, जहां श्रीकांत तिवारी को एक वॉन्टेड क्रिमिनल के रूप में छिपने के लिए मजबूर होना पड़ा था। वे संभावित तौर पर अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए और अपने ऊपर से भगौड़ा होने का धब्बा हटाने के लिए समय के खिलाफ दौड़ लगाएंगे।

The Family Man Season 4 की संभावित कास्ट

यह तो लगभग साफ़ है कि मनोज बाजपेयी इस बार भी श्रीकांत तिवारी की भूमिका में लीड रोल निभाते हुए नज़र आएंगे। उनके अलावा अगले सीज़न में जेके तलपड़े के तौर पर शारिब हाश्मी, सुचित्रा तिवारी के तौर पर प्रियमणि, ज़ोया के तौर पर श्रेया धनवंतरी, धृति के तौर पर अश्लेषा ठाकुर और अथर्व के तौर पर वेदांत सिन्हा की वापसी की उम्मीद है।

हर सीज़न की तरह The Family Man Season 4 भी Amazon Prime Video पर रिलीज़ होने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अब तक आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें: दिल टूटा आशिक और टॉयलेट की दीवारों पर निकली भड़ास, यूट्यूब पर रिलीज़ होगी ये अनोखी फिल्म, जीते कई इंटरनेशनल अवॉर्ड

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By