IMDb पर 8.7 रेटिंग, कहानी दिल छू लेने वाली! परिवार के साथ जरूर देखें बाप-बेटे पर बनी ये साउथ फिल्म

By
HIGHLIGHTS

इस मूवी को IMDb पर 8.7 की शानदार रेटिंग मिली है।

फिल्म 2021 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन रोजिन थॉमस ने किया है।

इस फिल्म को साल 2023 में नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।

अगर आप ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसे परिवार के साथ बैठकर एन्जॉय किया जा सके और जिसमें मनोरंजन के साथ रिश्तों की खूबसूरत कहानी भी देखने को मिले, तो मलयालम सिनेमा की जिस फिल्म के बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं वह आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। इस मूवी को IMDb पर 8.7 की शानदार रेटिंग मिली है और ओटीटी पर भी इसे दर्शकों का खूब प्यार मिला है।

2021 में आई थी फिल्म

इस फैमिली ड्रामा का नाम #Home (हैशटैग होम) है। फिल्म 2021 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन रोजिन थॉमस ने किया है।

क्या है फिल्म की कहानी

कहानी एक साधारण मिडिल क्लास परिवार पर आधारित है, जिसमें ओलिवर ट्विस्ट नाम के पिता की भूमिका अभिनेता इंद्रंस ने निभाई है। वह अपने बेटों के करीब जाना चाहते हैं, लेकिन बदलती डिजिटल दुनिया उनके और बच्चों के बीच एक दूरी पैदा कर रही है।

ओलिवर का बड़ा बेटा एंटनी अपने काम के तनाव की वजह से कई बार अपने पिता पर झुंझला उठता है। दूसरी ओर, छोटा बेटा चार्ल्स स्मार्टफोन और सोशल मीडिया में काफी व्यस्त रहता है। दोनों बेटों की बदलती जिंदगी को देखते हुए ओलिवर भी उनकी दुनिया को समझने की कोशिश करते हैं।

बेटों से बेहतर जुड़ाव बनाने और उनकी नजरों में अपनी जगह बनाने के लिए ओलिवर स्मार्टफोन खरीदने का फैसला करते हैं। इसके बाद फिल्म में कई ऐसे मजेदार घटनाक्रम आते हैं जो कहानी को मनोरंजक बनाने के साथ-साथ भावुक भी करते हैं।

क्या है फिल्म की खासियत

यह फिल्म दिखाती है कि स्मार्टफोन और सोशल मीडिया हमारी जिंदगी का हिस्सा बनने के साथ परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत और रिश्तों को किस तरह प्रभावित कर सकते हैं। ओलिवर ट्विस्ट के किरदार में इंद्रंस ने बेहद सहज अभिनय किया है। उनका किरदार इतना आम और रियलिस्टिक लगता है कि दर्शक आसानी से उससे जुड़ाव महसूस कर सकते हैं।

फिल्म युवाओं की सोशल मीडिया पर बढ़ती निर्भरता को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। वहीं पिता और बेटों के बीच के कई इमोशनल सीन कहानी को गहराई देते हैं और दर्शकों को भावुक कर देते हैं। इसमें हिंसा, अश्लीलता या जरूरत से ज्यादा ड्रामा नहीं है। यही वजह है कि इसे परिवार के साथ बैठकर देखने वाली एक साफ और फील-गुड फिल्म के तौर पर देखा जा सकता है।

मिला नेशनल अवॉर्ड

इस फिल्म को साल 2023 में मलयालम भाषा में बनी बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। यह उपलब्धि फिल्म की खास पहचान को और मजबूत करती है।

अगर आपको ऐसी फ़िल्में पसंद हैं जो बिना ज्यादा शोर-शराबे के मनोरंजन करने के साथ कोई भावनात्मक संदेश भी देती हों, तो #Home एक अच्छा विकल्प हो सकती है। यह फिल्म हंसाने के साथ यह भी महसूस कराती है कि माता-पिता के साथ बिताया गया थोड़ा सा समय और उन्हें दिया गया प्यार उनके लिए कितना महत्वपूर्ण हो सकता है।

यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 FE vs Vivo X300 vs iQOO 15: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By