Digit.in

बड़े पर्दे पर आ रही है Bhabiji Ghar Par Hain, इस दिन रिलीज होगी फिल्म, हंसते-हंसते पेट जाएगा फट!

बड़े पर्दे पर आ रही है Bhabiji Ghar Par Hain, इस दिन रिलीज होगी फिल्म, हंसते-हंसते पेट जाएगा फट!

भारतीय टेलीविजन की दुनिया में अगर किसी शो ने सबसे लंबे समय तक लगातार लोकप्रियता बनाए रखी है, तो वह है "भाभीजी घर पर हैं". पिछले दस से अधिक सालों से यह शो सिर्फ एक कॉमेडी नहीं रहा, बल्कि लाखों घरों का हिस्सा बन चुका है. विभूति जी की नटखट अदाएं, तिवारी जी की ईर्ष्या भरी कॉमिक टाइमिंग, अंगूरी भाभी का "सही पकड़े हैं", अनीता भाभी का आत्मविश्वास और हप्पू सिंह तथा सक्सेना जी का पागलपन, ये किरदार अब भारतीय पॉप कल्चर का हिस्सा हैं. अब पहली बार यही दुनिया बड़े पर्दे पर उतरने जा रही है.

भारत में पहली बार ऐसा हो रहा है कि कोई टीवी शो, जो अब भी रोजाना प्रसारित हो रहा है, सीधे सिनेमाघरों में फिल्म के रूप में रिलीज हो रहा है. जी सिनेमा और जी स्टूडियोज़ "Bhabiji Ghar Par Hain – Fun On The Run" को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं.

फिल्म में वही पुरानी, पसंदीदा टीम नजर आएगी, इसमें आसिफ शेख, रोहिताश्व गौड़, शुभांगी अत्रे, विधिशा श्रीवास्तव, योगेश त्रिपाठी और कई अन्य कलाकार दिखेंगे. सीरियल की कॉमेडी का दायरा इस फिल्म में और बड़ा कर दिया गया है. टीवी पर दिखने वाली रोज़मर्रा की मस्ती अब एक बड़े एडवेंचर में बदली है जिसमें भागदौड़, गलतफहमियां और जोरदार कॉमिक सीन्स शामिल होंगे.

नया मसाला: बड़े सितारे और बड़ा एडवेंचर

फिल्म की खास बात यह है कि इसमें हिंदी बेल्ट के तीन बड़े मनोरंजन सितारे भी शामिल हो रहे हैं, रवि किशन, मुकेश तिवारी और निरहुआ. इनके आने से फिल्म में ऊर्जा और देहाती हास्य की एक नई परत जुड़ रही है. इनके किरदार कहानी को एक मज़ेदार मोड़ देते हैं, जो टीवी शो के दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा.

फिल्म 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. उम्मीद की जा रही है कि यह टीवी दर्शकों के अलावा सिनेमाघर वाले दर्शकों को भी खूब पसंद आएगी, क्योंकि शो का फैनबेस पूरे देश में फैला हुआ है.

शिल्पा शिंदे की वापसी की चर्चा

सबसे दिलचस्प बात यह है कि सीरियल में भी बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है. ETimes की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शिल्पा शिंदे की 9 साल बाद शो में वापसी पर बातचीत चल रही है. यह वही कलाकार हैं जिन्होंने अंगूरी भाभी का किरदार इतना यादगार बनाया कि आज भी दर्शक उन्हें भूल नहीं पाए.

सूत्रों का कहना है कि चैनल शो में ताज़गी लाना चाहता है. इसके लिए एक नया सेट बनाया जा रहा है, और "भाभीजी घर पर हैं 2.0" की शूटिंग दिसंबर के मध्य में शुरू करने का प्लान है.

शिल्पा शिंदे ने 2016 में शो छोड़ दिया था और निर्माता दल पर अनुचित व्यवहार और मानसिक दबाव का आरोप लगाया था. लेकिन अब अगर यह डील फाइनल होती है, तो उनकी वापसी शो के लिए बड़ा मोड़ साबित होगी.

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

View full profile

Recommended Articles