सस्पेंस के साथ रोमांस का बेहतरीन फ्लेवर साथ लाती हैं ये फिल्में.. हर मिनट कहानी में आता है नया मोड़! पहली वाली की रेटिंग है जामफाड़
रोमांटिक थ्रिलर फिल्मों का एक अलग ही आकर्षण होता है, जब प्यार की शुरुआत सस्पेंस, रहस्यों और खतरे की परछाइयों के बीच होती है, तो कहानी और भी रोमांचक हो जाती है। भावनाओं, रहस्य और अनचाहे अप्रत्याशित मोड़ों का यह अनोखा मेल दर्शकों को लगातार अपने साथ बांधे रखता है। ऐसे ही रोमांटिक थ्रिलर की दुनिया से चुनी गई ये फिल्में प्यार और खतरों की दिलचस्प दास्तानें पेश करती हैं, जहाँ मोहब्बत खूबसूरत भी है और कभी-कभी बेहद घातक भी हो जाती है। इन फिल्मों को देखकर आपको बोलती ही बंद हो जाने वाली है।
Haseen Dillruba
कहाँ देखें: Netflix
रानी (तापसी पन्नू) और ऋषु (विक्रांत मैसी) की शादी शुरू से ही अनकही उम्मीदों और असमानताओं से भरी है। रिश्ते में जबरदस्त उतार-चढ़ाव तब आता है जब रानी का रिश्ता ऋषु के कज़िन नील (हर्षवर्धन राणे) से जुड़ जाता है। एक खतरनाक लव-ट्राइऐंगल, जलन, जुनून और छिपे हुए रहस्यों के बीच कहानी अचानक मोड़ लेती है, जब ऋषु एक रहस्यमयी विस्फोट में मारा जाता है और रानी संदिग्ध बन जाती है। जांच के दौरान उनके रिश्ते के कई काले सच सामने आते हैं। फिल्म का हर मोड़ आपको लास्ट सीन तक अनुमान लगाने पर मजबूर करता है। इसका सीक्वल Phir Aayi Hasseen Dillruba कहानी को आगे बढ़ाता है, जहाँ नए राज़, बदले equations और इससे भी ज्यादा गहरे ट्विस्ट दिखाए गए हैं।
Malang
कहाँ देखें: Netflix
अद्वैत (आदित्य रॉय कपूर) और सारा (दिशा पटानी) एक बेफिक्र, नो-स्ट्रिंग्स-अटैच्ड रोमांस की शुरुआत करते हैं। लेकिन एक दिल दहला देने वाली घटना सबकुछ बदल देती है। सालों बाद, अद्वैत एक खूंखार हत्यारे के रूप में लौटता है, जिसका मकसद सिर्फ बदला है। उसके रास्ते में आते हैं दो पुलिस अफसर, एक बेपरवाह अगाशे (अनिल कपूर), और दूसरा ईमानदार माइकल (कुणाल खेमू)। कहानी में धीरे-धीरे उभरते सच इसे ज्यादा इन्टेन्स बना देते हैं, इसके अलावा इसका क्लाइमेक्स इसे एक स्टाइलिश थ्रिलर बना देता है।
Dil Se
कहाँ देखें: Amazon Prime Video
अमर (शाहरुख खान), एक रेडियो जर्नलिस्ट, मेघना (मनीषा कोइराला) नाम की रहस्यमयी लड़की से गहराई से प्यार करने लगता है। मेघना जितना उसे दूर करने की कोशिश करती है, अमर उतना ही उसके पीछे खिंचता चला जाता है। दोनों की राहें लगातार टकराती रहती हैं, और धीरे-धीरे अमर उसकी जिंदगी के खतरनाक साए में उलझता चला जाता है। प्रेम, पागलपन और खतरे के बीच झूलती यह कहानी हिंदी सिनेमा की सबसे तीखी और खूबसूरत रोमांटिक थ्रिलर्स में से एक है।
Fanaa
कहाँ देखें: YouTube
कश्मीर की रहने वाली एक अंधी लड़की, ज़ूनी (काजोल), पहली बार घर से बाहर निकलकर दिल्ली आती है, जहाँ वह रहान (आमिर खान) से मिलती है, एक करिश्माई टूर गाइड जो उसकी जिंदगी को नई खुशियों से भर देता है। लेकिन रहान की असल पहचान और उसका अतीत इस प्यार को ऐसे मोड़ पर ले आता है जो दोनों की दुनिया बदल देता है। सालों बाद जब किस्मत उन्हें फिर मिलाती है, तो उन्हें अपने प्यार और देश के बीच एक कठिन चुनाव करना पड़ता है। यह फिल्म भी एक दमदार लव थ्रिलर के तौर पर देखी जा सकती है।