पंचायत सीजन 5 का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक अच्छी खबर है। हालांकि नए सीजन को आने में अभी समय है, लेकिन उससे पहले फुलेरा के दो चर्चित किरदार बनराकस और बिनोद एक नई वेब सीरीज में दिखाई देने वाले हैं। एनडीटीवी के अनुसार, कुछ समय पहले रघुबीर यादव ने एनडीटीवी से बातचीत में जानकारी दी थी कि ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की शूटिंग जल्द शुरू होगी। माना जा रहा है कि यह सीजन साल के आखिर तक दर्शकों के बीच आ सकता है।
इस बीच प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ कर दिया है। इस ट्रेलर में आखिर में बनराकस और बिनोद की एंट्री दिखाई गई है, जिसे देखकर ‘पंचायत’ के फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं। ‘ग्राम चिकित्सालय सीजन 2’ का प्रीमियर 23 जून को प्राइम वीडियो पर किया जाएगा।
सीरीज में अमोल पराशर एक बार फिर डॉ. प्रभात की भूमिका निभाते नजर आएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि डॉ. प्रभात सीमित संसाधनों वाले भठकंडी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करते हैं और वहां की स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की कोशिश में जुटे रहते हैं।
ट्रेलर के आखिरी हिस्से में ‘पंचायत’ के लोकप्रिय किरदार बनराकस (दुर्गेश कुमार) और बिनोद (अशोक पाठक) की एंट्री होती है। दोनों को देखते ही निरहुआ का किरदार कहता है, “आइए आइए फुलेरा नरेश आइए सांझपुर में आपका स्वागत है महाराज।” इसके बाद जब उनकी पत्नी बनराकस नजर उतारती हैं तो वह कहते हैं, “हो गया इनको नजर नहीं लगती है, ये खुद ही बनराकस हैं।” यह सीन ट्रेलर का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया है।
‘ग्राम चिकित्सालय सीजन 2’ का निर्देशन ललितम तिवारी ने किया है, जबकि इसकी कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। सीरीज में अमोल पराशर के अलावा आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर, गरिमा विक्रांत सिंह और दिनेश लाल यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।