OTT प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते चलन ने फिल्म-सीरीज के शौकीनों के लिए मनोरंजन को और भी आसान बना दिया है। अब दर्शक घर बैठे ही नई-नई एक्शन थ्रिलर फिल्मों का आनंद ले सकते हैं। खासकर जब कोई फिल्म ओटीटी की ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो जाए, तो उसकी चर्चा और भी बढ़ जाती है। ऐसी ही एक नई एक्शन थ्रिलर फिल्म के बारे में हम आपको बता रहे हैं, जो इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रही है।
श्री विष्णु की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘मृत्युंजय’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही टॉप 10 में अपनी जगह बना चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि थिएटर में इसकी परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं रही, लेकिन ओटीटी पर इसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
अगर कहानी की बात करें तो फिल्म एक ऐसे युवक जय के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पेशे से पत्रकार है और शोक-संदेशों से जुड़े विज्ञापन इकट्ठा करता है। हालांकि उसका असली सपना क्राइम इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट बनने का है। उसकी जिंदगी में मोड़ तब आता है जब वह अच्युत शर्मा नाम के शख्स की संदिग्ध मौत से जुड़ता है। इस मामले में वह अंजली से मिलता है और उसके पिता की हत्या की गुत्थी सुलझाने का वादा करता है।
दूसरी तरफ, शहर में लगातार हो रही हत्याओं की जांच ACP सीता कर रही होती है। लेकिन पुलिस कमिश्नर उन पर दबाव डालते हैं कि इन मामलों को हादसा मानकर बंद कर दिया जाए। इसके बावजूद जय और सीता मिलकर सच्चाई सामने लाने की कोशिश करते हैं और उनकी नजर एक चालाक और खतरनाक कॉन्ट्रैक्ट किलर ‘साधु’ पर टिकती है।
फिल्म ‘मृत्युंजय’ एक तेलुगु एक्शन थ्रिलर है, जिसे निर्देशक हुसैन शा किरण ने बनाया है। इसमें श्री विष्णु के साथ रेबा मोनिका जॉन भी अहम भूमिका में नजर आती हैं। यह फिल्म 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जबकि 3 अप्रैल 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध कराई गई। फिलहाल यह प्लेटफॉर्म की टॉप 10 सूची में दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रही है।